कोयला ट्रांसपोर्टिंग को लेकर 2 पक्षों में विवाद; BJP नेता, उसके भाई और भांजे समेत 20-25 लोगों ने कोल कारोबारी की धारदार हथियार से की हत्या…पाली थाना प्रभारी को लाइन अटैच..

कोरबा// छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शुक्रवार की रात BJP नेता, उसके भाई और भांजे समेत 20-25 लोगों ने कोल कारोबारी को धारदार हथियार से मार डाला। कोयला ट्रांसपोर्टिंग को लेकर 2 पक्षों में विवाद हुआ। इसके बाद खूनी झड़प हो गई है। इलाके में तनाव का माहौल है। मामला पाली थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक रोहित जायसवाल (36) की हत्या की गई है। रोहित के शरीर पर कई जगह कटने के निशान हैं। हत्या का मुख्य आरोपी रोशन सिंह ठाकुर है, जो पाली ब्लॉक का भाजपा मंडल अध्यक्ष है। वहीं आरोपियों को संरक्षण देने पर पाली थाना प्रभारी को लाइन अटैच कर दिया गया है।
अब जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, 28 फरवरी की रात 10 बजकर 30 मिनट में अपने 3 साथियों के साथ रोहित जायसवाल सरायपाली SECL के बुड़बुड़ खदान में कोयला लोड कराने आए थे, तभी आरोपी रोशन सिंह भी अपने, भाई और भांजे समेत 20-25 साथियों के साथ हथियारों से लैस पहुंचा।
इस दौरान रोशन सिंह सरायपाली SECL खदान गेट के सामने विवाद करने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि रोशन सिंह ने पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद साथियों ने भी धारदार हथियारों से रोहित को मारने लगे।वारदात के बाद रोहित के साथियों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया।

थाने के बाहर लोगों की भीड़। इलाके में तनाव की स्थिति बन गई है।
अब जानिए क्या थी रोशन और रोहित के बीच लड़ाई ?
रोहित जायसवाल और रोशन ठाकुर दोनों कोल ट्रांसपोर्टर्स हैं। इन दोनों के पास सरायपाली SECL बुड़बुड़ खदान में C ग्रेड कोयला परिवहन करने की परमिट है, लेकिन रोशन ठाकुर ज्यादा पावरफुल है। खदान के अंदर लोगों से उसकी सेटिंग है। C ग्रेड कोयले में कुछ अच्छा माल भी रहता है।
ऐसे में रोशन ठाकुर खदान के अंदर मौजूद लोगों से साठगांठ कर अच्छे माल को अपनी गाड़ियों में लोड कराता था। खराब माल रोहित जायसवाल के लिए बचवा देता है। इससे रोहित को नुकसान और रोशन को मुनाफा होता था। इसी को लेकर दोनों के बीच में विवाद चल रहा था।

हत्या के बाद लोगों ने इलाके में हंगामा किया। पाली थाने को घेर दिया।
विवाद की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की
मृतक के भाई अनिल जायसवाल ने बताया कि रोशन सिंह ठाकुर के गुट ने उनके भाई को मारा है। पिछले 6 महीने से विवाद चल रहा है। पहले भी मारपीट की गई थी। विवाद की शिकायत पाली थाने में की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
अनिल जायसवाल ने SECL के सब एरिया मैनेजर पर भी रोशन सिंह के साथ मिलकर कोयले की हेराफेरी में शामिल होने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद SP ने थाना प्रभारी विनोद सिन्हा को लाइन अटैच कर दिया है।
युवराज तिवारी को नया थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि दर्री थाना प्रभारी का कार्यभार ललित चंद्रा को सौंपा गया है।
वारदात के बाद इलाके में तनाव की स्थिति
वारदात से गुस्साए लोगों ने गाड़ियों में तोड़फोड़ की और पाली बंद करा दिया है। बड़ी तादाद में जिले की पुलिस पाली इलाके में तैनात है, ताकि कोई हिंसा न हो सके। घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिद्धार्थ तिवारी सहित कई थानों के प्रभारी मौके पर पहुंचे है।

हत्या का मुख्य आरोपी रोशन सिंह ठाकुर, भाजपा मंडल अध्यक्ष
आरोपियों ने थाने में आकर सरेंडर किया
वारदात के बाद पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, बाकी आरोपियों ने खुद थाने में आकर सरेंडर कर दिया है। इन लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज हुआ है। वहीं फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी है।
इन आरोपियों के खिलाफ नामजद FIR
आरोपी रोशन ठाकुर, गौरव सिंह ठाकुर,वासु ठाकुर, सौरभ श्रीवास, सुशांत ठाकुर उर्फ सीजू, संस्कार ठाकुर, मोंटी कश्यप, मुकेश श्रीवास, सुनील सागर, प्रभात दुबे, निलेश सिंह राज, कैलाश कैवर्त, अनिल मरावी उर्फ छोटू, मयंक सिंह ठाकुर, सूरज पासवान, सुरेंद्र सिंह चौहान के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है।

कोयला A ग्रेड से C ग्रेड की कहानी और विवाद में खून हो गया।
अब जानिए A ग्रेड से C ग्रेड कोयले की कहानी ?
A ग्रेड कोयला: यह सबसे हाई क्वालिटी वाला कोयला होता है, जिसमें कैलोरी मान 6200 किलोकैलोरी/किग्रा से अधिक होता है।
B ग्रेड कोयला: यह A ग्रेड से थोड़ा कम गुणवत्ता वाला होता है, जिसमें कैलोरी मान 5600 से 6200 किलोकैलोरी/किग्रा के बीच होता है।
C ग्रेड कोयला: यह B ग्रेड से कम गुणवत्ता वाला होता है, जिसमें कैलोरी मान 4940 से 5600 किलोकैलोरी/किग्रा के बीच होता है.
अब जानिए कोयले को मिक्स करने की कहानी ?
दरअसल, C ग्रेड में ही कुछ अच्छे क्वालिटी के कोयले होते हैं। उसे खदान से उठाकर अपने कोल डिपो में ले जाया जाता है। फिल्टर कर लो ग्रेड माल को A ग्रेड माल के साथ मिक्स कर देते हैं। इसके बाद बड़े-बड़े प्लांट में साठगांठ कर माल को खपा दिया जाता है।
B और C ग्रेड में कोयला मिक्स बहुत कम किया जाता है, यह तब होता जब कोयले का रेट हाई हो, लेकिन इस वक्त रेट अभी डाउन चल रहा है। हालांकि खदान से जो जितना अधिक माल उठाता है, उसे उतना ही फायदा होता है। इसी अच्छे और खराब माल को लेकर विवाद हुआ और मर्डर हो गया।