हथिनी के शव को टुकडे़े-टुकड़े कर दफनाया:सूरजपुर में कुल्हाड़ी और फावड़े से काटा; 12 गड्ढों में मिले सूंड, पैर और बाकी अंग

सूरजपुर// सूरजपुर जिले के रमकोला एलिफेंट रेस्क्यू सेंटर के पास ही मादा हाथी के अवशेष टुकड़ों-टुकड़ों में मिले हैं। हथिनी के शव को कुल्हाड़ी और फावड़े से काटकर सूंड, पैर और बाकी अंग को 12 गड्ढों में दफनाया गया था। सूचना के बाद पुलिस ने 4 ग्रामीणों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, डीएफओ पंकज कमल को किसी ग्रामीण ने सूचना दी थी, कि धूरिया के जंगल में एक हथिनी को मारकर उसके शव को कई टुकड़ों में काटकर दफन किया गया है। इसके बाद रविवार को वन अमले ने दो ग्रामीणों को हिरासत में लिया और पूछताछ की। पूछताछ में उनके बताए मुताबिक खोदे गए गड्ढे में अवशेष मिले। जिसकी उम्र 15 से 20 वर्ष बताई गई है।

वन अमले ने गड्ढों से बरामद किए हथिनी के अवशेष।

वन अमले ने गड्ढों से बरामद किए हथिनी के अवशेष।

कुल्हाडी और फावड़े से टुकड़ों में काटा शव

पशु चिकित्सक डॉ. महेंद्र पांडेय, एलिफेंट रेस्क्यू सेंटर के डॉ. अजीत पांडेय और डॉ. शंभू पटेल की टीम ने शव का पोस्टमॉर्टम किया। डॉक्टर्स के मुताबिक हथिनी की मौत करीब एक माह या 40 दिन पहले हुई है। उसके पैरों और सूंड में करंट लगने के निशान मिले हैं।

विशालकाय हथिनी के अंगों को कुल्हाड़ी और फावड़े से काटा गया है। पैर, सूंड और जबड़े सहित अन्य अंगों को 12 टुकड़ों में काटकर दफन किया गया था। जबड़े में 10-10 दांत मिले हैं। सभी हड्डियां सुरक्षित मिली हैं।

अंगों की जांच करते पशु चिकित्सा अधिकारी।

अंगों की जांच करते पशु चिकित्सा अधिकारी।

फसल को बचाने के लिए लगाया जाता है करंट

शुरुआती जांच और पूछताछ में पता चला है कि ग्रामीणों ने फसल को बचाने के लिए जीआई तार बिछाकर करंट फैलाया था। घटना स्थल मेन रोड से करीब 400 मीटर अंदर है। पास में ही एक तालाब भी है, आशंका जताई जा रही है कि हथिनी अकेले विचरण कर रही थी इसी दौरान करंट लगने से हथिनी की मौत हो गई।

इसके बाद कुछ ग्रामीणों ने हथिनी की मौत को छिपाने के लिए उसके शव को काटकर गाड़ दिया। फिलहाला इस मामले में वन अमले ने धूरिया निवासी नरेंद्र सिंह गोंड़ (37), जनकू राम (52), रामचंद्र अगरिया (58), माधव अगरिया (27) को गिरफ्तार किया है। दो अन्य ग्रामीणों की संलिप्तता बताई गई है, जो फरार हैं। वन अमला उनकी खोजबीन में जुटा है।

बाकी ग्रामीणों के संलिप्तता की होगी जांच

उप वनमंडलाधिकारी प्रतापपुर आशुतोष भगत ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। इसमें अन्य ग्रामीणों की संलिप्तता की बात सामने आ रही है। सभी को पकड़ लिया जाएगा। सभी के खिलाफ वन्य प्राणी अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों को जिला एवं सत्र न्यायालय सूरजपुर में पेश किया जाएगा।