कोरबा// कोरबा जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच कटघोरा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया। पतरापाली नहर में बाइक समेत गिरने से एक ग्रामीण की मौत हो गई। तेज बहाव में बहने के बाद शनिवार को उसका शव बरामद किया गया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

उफनती नहर में बाइक समेत बहा ग्रामीण, अगले दिन मिला शव
मृतक की पहचान जेजरा बस्ती निवासी रामसिंह (58) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह शुक्रवार (24 जुलाई) शाम किसी काम से बाइक लेकर घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

नहर किनारे मिली बाइक, फिर मिला शव
शनिवार दोपहर परिजन और ग्रामीण दोबारा उसकी तलाश में निकले। इस दौरान पतरापाली नहर के किनारे रामसिंह की बाइक पानी में गिरी हुई दिखाई दी। आशंका होने पर आसपास खोजबीन की गई, जहां नहर में उनका शव तैरता हुआ मिला। इसके बाद डायल-112 और कटघोरा थाना पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर जुटी भीड़, परिवार में मातम
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। वहीं, रामसिंह की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

अंधेरे और तेज बहाव से हुआ हादसा होने की आशंका
जांच और ग्रामीणों के मुताबिक, आशंका है कि शुक्रवार रात अंधेरे में नहर पार करते समय रामसिंह बाइक समेत फिसलकर पानी में गिर गए। तेज बहाव के कारण वह बह गए, जिससे उनकी मौत हो गई।
प्रशासन की अपील
लगातार बारिश के कारण क्षेत्र के नदी-नाले उफान पर हैं और कई ग्रामीण मार्गों पर पानी भरा हुआ है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी-नालों को पार करते समय विशेष सावधानी बरतें और तेज बहाव वाले रास्तों से गुजरने से बचें।

