बस्तर में 15 नवंबर से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी

  • केंद्रों में आवश्यक व्यवस्था का विस्तार करने के निर्देश

जगदलपुर,(CITY HOT NEWS)///

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत बस्तर जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन का कार्य आगामी 15 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। इस वर्ष उपार्जन व्यवस्था में एक बड़ा बदलाव किया गया है, जिसके तहत उपार्जित धान का उठाव राईस मिलरों द्वारा डिलीवरी ऑर्डर के जरिए धान खरीदी की पूरी समय-सीमा समाप्त होने के बाद ही किया जाएगा। इस नई व्यवस्था के चलते केंद्रों पर लंबे समय तक बड़ी मात्रा में धान का सुरक्षित भंडारण आवश्यक हो गया है, जिसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सभी धान खरीदी केंद्रों के मौजूदा क्षेत्रफल को बढ़ाने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया है।  

          कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के निर्देश पर खाद्य विभाग द्वारा जिले के सभी तहसीलदारों को आदेश जारी कर निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित धान खरीदी केंद्रों एवं उनके आसपास के स्थलों का तत्काल मुआयना करें। तहसीलदारों को केंद्रों के विस्तार हेतु उपलब्ध अतिरिक्त भूमि का केंद्रवार आकलन कर इसकी विस्तृत रिपोर्ट बिना किसी देरी के कार्यालय को सौंपने को कहा गया है, ताकि उपार्जन कार्य प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक प्रबंध पूरे किए जा सकें और किसानों को अपनी उपज बेचने में आसानी हो और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को भी सुनिश्चित किया जा सके।

Chhattisgarh