10 लाख रुपये नकद और कार की मांग, विवाहिता ने पति, ससुर, सास और ननद पर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का लगाया आरोप..मामला दर्ज

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही// गौरेला के सरस्वती नगर निवासी माधुरी शुक्ला की शिकायत पर पुलिस ने उनके पति विकास शुक्ला, ससुर सूर्यबली शुक्ला, सास राजेश्वरी शुक्ला और ननद साक्षी शुक्ला के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष 10 लाख रुपये नकद और कार की मांग कर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था।

माधुरी शुक्ला का विवाह 11 जुलाई 2024 को रायगढ़ निवासी विकास शुक्ला से हुआ था। शिकायत के अनुसार, शादी के महज 15 दिन बाद ही पति और ससुराल वालों ने छोटी-छोटी बातों पर ताने देना, गाली-गलौज करना और मायके से दहेज लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। पिता के सेवानिवृत्त होने के कारण अतिरिक्त दहेज देने में असमर्थता जताने के बावजूद प्रताड़ना जारी रही।

गर्भावस्था में इलाज नहीं कराने का आरोप

पीड़िता ने आरोप लगाया कि गर्भावस्था के दौरान समय पर इलाज नहीं कराया गया, जिससे मानसिक तनाव बढ़ा और गर्भस्थ शिशु के विकास पर असर पड़ा। स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं के कारण उन्हें गर्भपात कराना पड़ा, जिससे उनकी जान को भी खतरा हुआ।

जेवर, कपड़े और नकदी हड़पने का आरोप

शिकायत में कहा गया है कि जब वह रायपुर परीक्षा देने गई थीं, तब उनकी गैरमौजूदगी में ससुराल वालों ने कमरे से मंगलसूत्र, चेन, अंगूठियां, झुमके, नथ, बेदी, पायल समेत सोने के जेवर, कपड़े और 20 हजार रुपये नकद अपने कब्जे में ले लिए।

मारपीट और तलाक की धमकी का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि पति के ड्यूटी पर जाने के बाद ससुर ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जबकि सास और ननद ने उनके साथ मारपीट की। इसके बाद वह अपने मायके लौट आईं। बाद में परिवार के साथ समझौते के लिए ससुराल पहुंचने पर आरोपियों ने गाली-गलौज कर तलाक की धमकी देते हुए उन्हें वहां से भगा दिया।

चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति विकास शुक्ला, ससुर सूर्यबली शुक्ला, सास राजेश्वरी शुक्ला और ननद साक्षी शुक्ला के खिलाफ दहेज प्रताड़ना सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Chhattisgarh