बलौदाबाजार// बलौदाबाजार पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक युवती का शारीरिक शोषण करने, गर्भवती होने के बाद उसे छोड़ने और लगातार मानसिक प्रताड़ना देने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। युवती ने प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली थी। मामले में मिले सुसाइड नोट, दीवार पर लिखे संदेश और तकनीकी सबूतों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार, मृतका शासकीय स्कूल में व्यावसायिक शिक्षिका के पद पर कार्यरत थी और बलौदाबाजार में किराए के मकान में रहती थी। उसी मकान के बगल वाले कमरे में रहने वाले अभिषेक कुमार जायसवाल ने युवती को प्रेमजाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर पिछले पांच माह से उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
गर्भवती होने पर शादी से किया इनकार
पुलिस जांच में सामने आया कि इस दौरान युवती गर्भवती हो गई थी। जब उसने आरोपी पर शादी के लिए दबाव बनाया तो उसने विवाह से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने युवती के साथ गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना शुरू कर दी।
लगातार हो रही प्रताड़ना और धोखे से परेशान होकर युवती ने 22 जून को अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
सुसाइड नोट और दीवार पर लिखा संदेश बना अहम सबूत
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। निरीक्षण के दौरान कमरे की दीवार पर एक पर्ची चिपकी मिली। इसके अलावा दीवार पर अंग्रेजी में लिखा था “आरोपी अभिषेक जायसवाल ने मुझे मार डाला”
पुलिस के अनुसार, मृतका ने पर्ची में स्पष्ट रूप से लिखा था कि आरोपी की प्रताड़ना और धोखे के कारण वह यह कदम उठाने को मजबूर हुई है। यही दस्तावेज मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हुए।
मोबाइल चैट और तकनीकी साक्ष्यों से पुष्टि
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मर्ग जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज किया। साइबर सेल की मदद से मृतका और आरोपी के मोबाइल फोन से चैट, स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्य जुटाए गए।
जांच के दौरान आरोपी द्वारा की गई प्रताड़ना और मृतका के गर्भवती होने संबंधी तथ्य भी सामने आए, जिससे आरोपों की पुष्टि हुई।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय में पेशी की तैयारी
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी अभिषेक कुमार जायसवाल (30 वर्ष), पिता ओमप्रकाश जायसवाल, निवासी ग्राम निमधा, थाना मरवाही, जिला पेंड्रा, हाल पता सिविल लाइन बलौदाबाजार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया पूरी कर रही है।
महिला अपराधों पर सख्त कार्रवाई: एसपी
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा ने कहा कि महिला अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शादी का झांसा देकर युवती को शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करना और उसे आत्महत्या के लिए मजबूर करना गंभीर अपराध है।
एसपी ने स्पष्ट किया कि मामले में सभी तकनीकी और भौतिक सबूत एकत्र कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है तथा ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पीड़िता के परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

