महासमुंद// छत्तीसगढ़ के महासमुंद में युवती की हत्या कर उसकी लाश को नाले की रेत में दफन कर दिया गया। उसके शरीर का कुछ हिस्सा रेत से बाहर आया, तो लोगों को इसकी जानकारी हुई। युवती के सिर पर करीब 6 इंच लंबा और गहरा घाव मिला है। सिर की खोपड़ी टूट हुई है। 19 जून को युवती ने अपना 18वां जन्मदिन मनाया था।

महासमुंद में युवती की हत्या कर लाश नाले में दफना दी गई।
युवती की पहचान झारा गांव की रहने वाली भारती टंडन के रूप में हुई है। पुलिस बॉयफ्रेंड समेत 4 युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मामला प्रेम प्रसंग और रेप से जुड़े होने की आशंका है। घटना खल्लारी थाना क्षेत्र का है।
पहले देखिए ये तस्वीरें…

भारती टंडन ने 19 जून को अपना 18वां जन्मदिन मनाया था।

भारती टंडन ने 11वीं पास कर 12वीं क्लास में एडमिशन लिया था।

गांव से कुछ दूरी पर स्थित एक नाले की रेत में दफन मिला भारती का शव।
अब सिलसिलेवार जानिए क्या है पूरा मामला ?
भारती टंडन ने 11वीं पास कर 12वीं क्लास में एडमिशन लिया था। वह 3 बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। परिवार का कहना है कि, 19 जून को उसने अपना जन्मदिन मनाया। उसी रात करीब 3 बजे वह अचानक घर से लापता हो गई।
बताया जा रहा है कि भारती का एक युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। आशंका जताई गई है कि जन्मदिन पर वह देर रात उस युवक से मिलने घर से निकली होगी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी।
युवती के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने 20 जून को रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला। जिसके बाद परिजनों ने खल्लारी थाने पहुंचकर भारती की गुमशुदगी दर्ज कराई।
नाले की रेत में दफन मिली लाश
इस बीच 22 जून को ग्रामीणों को भारती का शव गांव से कुछ दूरी पर स्थित एक नाले की रेत में दफन मिला। उसके शरीर का कुछ हिस्सा बाहर निकल गया था। तेज बदबू भी आ रही थी। पैर के पंजों को जानवर नोच चुके थे। शरीर के निचले हिस्से में कपड़ा नहीं था। लेगिंग्स कुछ दूरी पर पड़ा मिला।
सूचना मिलते ही खल्लारी पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची। रेत हटाकर शव को बाहर निकाला गया और आसपास के ग्रामीणों से पहचान कराई गई। जिससे शव की पहचान भारती टंडन के रूप में हुई।

मंगलवार को युवती के शव का पोस्टमॉर्टम किया गया।
आज हुआ शव का पोस्टमॉर्टम
पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। इसके बाद शव को महासमुंद मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल भेजा गया, जहां मंगलवार को उसका पोस्टमॉर्टम किया गया।
सिर पर धारदार हथियार से वार, टूटी मिली खोपड़ी
शॉर्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, युवती के सिर पर करीब 6 इंच लंबा और गहरा घाव मिला है। डॉक्टरों ने शुरुआती जांच में पाया कि, किसी धारदार हथियार से जोरदार हमला किया गया था। चोट इतनी गंभीर थी कि सिर की हड्डी भी टूट गई थी।
इसके अलावा जांघों पर गहरे खरोंच के निशान भी मिले हैं, जो संघर्ष की ओर इशारा करते हैं। डॉक्टरों ने दुष्कर्म की संभावना को देखते हुए युवती के आंतरिक अंगों और बाकी बायोलॉजिकल सैंपल को सुरक्षित कर रायपुर फॉरेंसिक लैब भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद ही दुष्कर्म की पुष्टि हो सकेगी।
बॉयफ्रेंड समेत 4 युवक हिरासत में, मोबाइल खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए युवती से संपर्क में रहने वाले 4 युवकों को हिरासत में लिया है। इनमें वह युवक भी शामिल बताया जा रहा है, जिसके साथ भारती के प्रेम संबंध होने की चर्चा है।
पुलिस सभी संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। उनके मोबाइल, कॉल डिटेल्स और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। जांच अधिकारी हत्या, प्रेम प्रसंग, रेप और बाकी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर सबूत जुटा रहे हैं।

