युवक पर पांच नकाबपोश युवकों ने किया जानलेवा हमला…

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर// एमसीबी जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ के मौहारपारा क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक युवक पर पांच नकाबपोश युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक को घेरकर लाठी-डंडों और नुकीले हथियारों से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान विवेक पांडेय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विवेक रोज की तरह सुबह दूध लेने घर से निकला था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे पांच नकाबपोश युवकों ने उसे रोक लिया और बिना किसी विवाद के अचानक हमला शुरू कर दिया।

सिर पर किए गए ताबड़तोड़ वार

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने पहले लाठी-डंडों से मारपीट की और फिर नुकीले हथियारों से विवेक के सिर पर वार किए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार युवक को गंभीर चोटें आई हैं और उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

परिजनों ने बताया सुनियोजित हमला

घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने हमले को सुनियोजित साजिश बताते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि कुछ समय पहले भी विवेक पांडेय पर हमला किया गया था।

परिजनों का आरोप है कि यदि पहले हुए हमले के मामले में प्रभावी कार्रवाई की गई होती तो आरोपियों के हौसले नहीं बढ़ते और दोबारा ऐसी घटना नहीं होती।

जांच में जुटी पुलिस

शिकायत मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही हमलावरों की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि हमले के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और संदिग्धों की तलाश जारी है।

Chhattisgarh