सरगुजा// छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में बाल संप्रेक्षण गृह से 11 नाबालिग लड़के खिड़की उखाड़कर भाग गए। ये सभी हत्या, रेप, लूट और अन्य गंभीर मामलों में अंदर थे। खराब मौसम, तेज बारिश और बिजली गुल होने का फायदा उठाकर नाबालिगों ने एक बैरक की खिड़की पूरी तरह उखाड़ दी और वहां से बाहर निकल गए।

इसके बाद वे संप्रेक्षण गृह की दीवार फांदकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि मेन गेट पर 2 सुरक्षाकर्मी तैनात थे, लेकिन उन्हें इस घटना की भनक तक नहीं लगी। फिलहाल, फरार नाबालिगों की तलाश शुरू कर दी गई है। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है।

11 नाबालिग बैरक की खिड़की का ग्रील उखाड़कर भाग निकले।

सभी नाबालिग सभी हत्या, रेप, लूट और अन्य गंभीर मामलों में अंदर थे।
बारिश और बिजली गुल होने उठाया फायदा
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे तेज बारिश के कारण बिजली गुल हो गई। इसी दौरान 11 नाबालिगों ने बैरक की खिड़की उखाड़ दी और वहां से फरार हो गए। नाबालिगों के फरार होने की जानकारी करीब 1 घंटे बाद कर्मचारियों को मिली।
इसके बाद तत्काल गांधीनगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रबंधन के अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत एक्टिव हो गई और फरार नाबालिगों की तलाश शुरू कर दी।

घटना के बाद प्रबंधन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
सरगुजा-सूरजपुर और कोरिया के हैं नाबालिग
बाल संप्रेक्षण गृह के हाउस फादर मनीष कुशवाहा ने बताया कि शाम को खाने के बाद सभी बच्चे अपने-अपने कमरे में चले गए थे। कुछ बच्चे टीवी देख रहे थे। इसी दौरान तेज बारिश और गरज-चमक के बीच बिजली चली गई।
मौके का फायदा उठाकर कुछ नाबालिगों ने खिड़की उखाड़ दी और 11 फरार हो गए, जो कि सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया जिले के रहने वाले हैं। उन्हें चोरी, लूट, दुष्कर्म और हत्या जैसे गंभीर अपराधों के अलग-अलग मामलों में बाल संप्रेक्षण गृह में रखा गया था।
पुलिस ने की नाकाबंदी, तलाश जारी
वहीं, नाबालिगों के एक साथ फरार होने की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस एक्टिव हो गई। पुलिस ने शहर के प्रमुख सड़कों पर नाकाबंदी की गई। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और संभावित ठिकानों पर लगातार जांच की जा रही है।
पुलिस ने फरार लड़कों के गृह जिलों की पुलिस को भी सूचना दे दी है। उनके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी फरार लड़कों को पकड़ लिया जाएगा।

