बढ़ते फ्लाइट किराए पर लग सकती है लगाम: इस साल फ्लीट में 115 विमान जोड़ेंगी कंपनियां, गो फर्स्ट की सर्विस बंद होने से बढ़ी समस्या…

नई दिल्ली// बढ़ते यात्रियों की डिमांड पूरी करने के लिए घरेलू एयरलाइंस ने फ्लाइट्स बढ़ाने की योजना बनाई है। इस वित्त वर्ष यानी मार्च 2024 तक कंपनियां करीब 115 विमान फ्लीट में जोड़ेंगी। इनमें से ज्यादातर एयर इंडिया और इंडिगो को डिलीवर होंगे। इनका इस्तेमाल घरेलू रूट्स पर किया जाएगा, जिससे बढ़ते किराए पर लगाम लगने की संभावना है।

असल में गो फर्स्ट की सर्विस बंद होने के बाद घरेलू एयरलाइंस इंडस्ट्री में डिमांड और सप्लाई का फर्क बढ़ गया है। इसके चलते कुछ मार्गों पर किराया पांच गुना तक हो गया है। कंपनियां इसी मौके का फायदा उठाना चाहती हैं। एयर इंडिया, इंडिगो और स्पाइसजेट इनमें शामिल हैं। लेकिन एयरलाइन ब्लॉग नेट वर्क थाउट्स की संस्थापक अमेया जोशी ने कहा, ‘यदि 115 नए विमान जुड़ जाते हैं तो भी मांग पूरी करना चुनौतीपूर्ण होगा।’

इंडस्ट्री सूत्रों के मुताबिक कुल 115 नए विमानों में से 79% सिर्फ इंडिगो और टाटा ग्रुप की कंपनियों- एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस और विस्तारा से जुड़ेंगे।

इंडिगो की तैयारी
घरेलू रूट्स की ट्रैफिक में करीब 60% हिस्सेदारी वाली इंडिगो मार्च 2024 तक अपनी फ्लीट में करीब 50 नए विमान जोड़ेगी। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यदि इंजन की सप्लाई सुधरती है तो ज्यादा नए विमान फ्लीट में जोड़े जाएंगे। इंजन की कमी से 35 विमान ग्राउंडेड हैं।

एअर इंडिया का प्लान
टाटा ग्रुप की एअर इंडिया अगले साल मार्च तक 21 एयरबस ए321 नियो एयरक्राफ्ट फ्लीट में जोड़ेगी। कंपनी को पहले चार ऐसे विमान मिल गए हैं। घरेलू मार्गों पर इनका इस्तेमाल इसी महीने से किया जाएगा।

स्पाइसजेट भी बढ़ा रही क्षमता
स्पाइसजेट के एक अधिकारी ने कहा, ‘कंपनियों के साथ लीज एग्रीमेंट किए जा रहे हैं। हम चरणबद्ध तरीके से फ्लीट बढ़ाएंगे। अक्टूबर तक हम क्षमता काफी बढ़ा लेंगे।’

यात्री 47% बढ़े, पर क्षमता 25%
2022 में यात्री 47% बढ़े। इस साल मई में ही रिकॉर्ड 1.31 करोड़ ने हवाई यात्रा की। पर इंडिया ब्रांड इक्विटी फाउंडेशन के मुताबिक, एयरलाइंस सिर्फ 25% क्षमता बढ़ाएंगी।