977 दिन बाद चांदी फिर 75 हजार के पार: पहली बार 75,365 रु. किलो तक पहुंचा भाव, फिर 74,940 रु. पर बंद हुई…

नई दिल्ली// चांदी की फिर चांदी हो गई है। बुधवार को पहली बार इसका भाव 75,365 रु./किलो तक पहुंचा। हालांकि, यह 74,940 रु. पर बंद हुई। इससे पहले 7 अगस्त 20 को कीमतें 75,013 रु. तक पहुंची थीं, यानी 977 दिन बाद चांदी फिर 75 हजारी हुई थी। इससे पहले 5 अप्रैल 23 को सोना भी 60,781 रु./दस ग्राम का रिकाॅर्ड स्तर छू चुका है। इस साल अब तक चांदी 6,591 रु./किलो और सोना 5,450 रु./दस ग्राम तक महंगा हो चुका है।

अप्रैल के पिछले 10 दिनों (3-12 अप्रैल) में चांदी 3,240 रु./किलो और सोना 898 रु./दस ग्राम तक उछला है। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के मुताबिक, बुधवार को सोना 60,613 रु. पर बंद हुआ। देशभर के 14 सेंटरों से सोने-चांदी का करंट रेट लेकर उसके औसत के आधार पर भाव निकाले गए हैं।

इस साल 90 हजार तक पहुंच सकती है चांदी
केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया का अनुमान है कि इस साल चांदी 90 हजार रु./किलो तक जा सकती है। इंडस्ट्रियल डिमांड बढ़ने और सोने की कीमतें ज्यादा होने से भी चांदी की कीमतों में उछाल आ रहा है। सिल्वर ETF आने से चांदी में निवेश के विकल्प बढ़ने का भी असर।

मार्च में खुदरा महंगाई 5.66% पर लुढ़की, जो 15 महीने में सबसे कम
खाने-पीने की चीजों के दाम घटने से मार्च में खुदरा महंगाई दर 5.66% पर आ गई। फरवरी में 6.44% थी। इससे पहले दिसंबर 2021 में खुदरा महंगाई 5.66% पर थी यानी यह 15 माह के निचले स्तर पर है। मार्च 23 में खाद्य महंगाई दर 4.79% रही, जो फरवरी में 5.95% थी। खुदरा महंगाई में करीब आधी हिस्सेदारी खाद्य पदार्थों की होती है। बिजली व ईंधन की महंगाई 9.9% से 8.91% पर आ गई।