बिलासपुर// मुंगेली के कियोस्क संचालक मिथिलेश वर्मा के लापता होने और बिलासपुर के सरैया गांव में जला हुआ शव मिलने के बीच पुलिस को अहम कड़ियां मिली हैं। घटनास्थल से मिली बाइक और रियलमी के ईयरबड परिजनों की बताई पहचान से मेल खाते हैं।

पुलिस को 90 प्रतिशत से ज्यादा शक है कि शव मिथिलेश का है, लेकिन 90 प्रतिशत से अधिक जल चुके शव को परिजन पहचानने से इनकार कर रहे हैं। अब पुलिस हड्डियों के सैंपल और मिथिलेश के परिजनों के ब्लड सैंपल का DNA टेस्ट कराएगी।
घटनास्थल से जीआई तार, पेंचिस, जले मोबाइल की स्क्रीन और पानी की बोतल भी मिली है। पुलिस CCTV फुटेज और मोबाइल कॉल लॉग खंगालने के साथ पुरानी रंजिश, लव अफेयर और जमीन विवाद समेत सभी एंगल पर जांच कर रही है। मामला कोटा क्षेत्र का है।

गुरुवार शाम युवक की जली हुई लाश और पास में जली हुई बाइक मिली।
48 घंटे इंतजार के बाद अब पोस्टमॉर्टम की तैयारी
दरअसल, बिलासपुर के सरैया गांव में शिवतराई रोड पर मिले युवक के शव की पहचान तीसरे दिन भी नहीं हो सकी है। शव 90 प्रतिशत से ज्यादा जल चुका है। इस वजह से चेहरे और शरीर के दूसरे हिस्सों से पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
पुलिस ने परिजनों के आने और शव की पहचान करने की उम्मीद में 48 घंटे तक पोस्टमॉर्टम नहीं कराया। अब पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी कर DNA जांच के लिए सैंपल सुरक्षित किए जाएंगे। फोरेंसिक टीम को शव की हड्डियां सुरक्षित मिली हैं। इन्हीं से DNA जांच के लिए सैंपल लिया जाएगा।
परिजनों के ब्लड सैंपल से होगा हड्डियों का मिलान
पुलिस DNA जांच के लिए मिथिलेश वर्मा (33) के परिजनों का ब्लड सैंपल लेगी। हड्डियों से मिले DNA का परिजनों के सैंपल से मिलान कराया जाएगा। इससे शव की पहचान की पुष्टि हो सकेगी।
घटनास्थल से जीआई तार, पेंचिस और जला मोबाइल मिला
सीन ऑफ क्राइम की टीम को घटनास्थल से जीआई तार, एक पेंचिस, जले हुए मोबाइल की स्क्रीन, ईयरबड और बाइक मिली है। इसके अलावा पानी की बोतल और डिस्पोजल गिलास में आधा गिलास पानी भी मिला है।
बारिश के कारण घटनास्थल पर मिले फुटप्रिंट, गंध और दूसरे सबूत प्रभावित हुए हैं। फोरेंसिक टीम ने मौके से मिले सामान को जांच के लिए सुरक्षित किया है।

आशंका है कि युवक की हत्या करने के बाद सबूत मिटाने के लिए उसे बाइक समेत जलाया गया होगा।
मुंगेली के ग्रामीण इलाकों के CCTV फुटेज खंगाल रही टीम
पुलिस की टेक्निकल टीम मुंगेली के ग्रामीण इलाकों के CCTV फुटेज खंगाल रही है। एक फुटेज में संदेही मिथिलेश वर्मा भी दिखाई दिया है। पुलिस उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
आखिरी कॉल और मोबाइल हिस्ट्री से मिल सकते हैं सुराग
पुलिस मिथिलेश के मोबाइल नंबर की कॉल लॉग और हिस्ट्री की जांच कर रही है। आखिरी बार किन लोगों से बात हुई और किन नंबरों पर संपर्क किया गया, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। इसके अलावा परिजनों और मिथिलेश से जुड़े लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस पुरानी रंजिश, लव अफेयर और जमीन विवाद समेत हत्या के सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर कड़ी जोड़कर जांच की जा रही है।

पुलिस की टेक्निकल टीम मुंगेली के ग्रामीण इलाकों के CCTV फुटेज खंगाल रही है।
बड़ी हड्डियों से हो सकती है DNA की पहचान
सुपर मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. बीपी सिंह ने बताया कि आग में शरीर जलने के बाद भी कई मामलों में जांघ की फीमर, कोहनी की हड्डी और जबड़ा सुरक्षित मिल सकते हैं।
DNA जांच के लिए इन हड्डियों के सैंपल लिए जाते हैं। इसके साथ संदेही मृतक के माता-पिता के ब्लड सैंपल भी लिए जा सकते हैं।
फोरेंसिक जांच में DNA प्रोफाइल तैयार की जाएगी। इसके बाद दोनों सैंपल का मिलान कर पहचान की पुष्टि होगी। इस पूरी प्रक्रिया में करीब 10 से 15 दिन लग सकते हैं।

