बिलासपुर// बिलासपुर में एक होटल में शादी की बात को लेकर कपल के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद 27 जनवरी, 2026 को बॉयफ्रेंड ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पांच दिन बाद 1 फरवरी को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने 10 महीने बाद शनिवार को गर्लफ्रेंड को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। यह मामला कोनी थाना क्षेत्र का है।

अब जानिए पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक, विकास गुप्ता (22) और सूरजपुर जिले के भटगांव की आकांक्षा सिदार (21) कोनी में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। दोनों के बीच लंबे समय से अफेयर था। इसी दौरान शादी की बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
27 जनवरी 2026 को दोनों कोनी के एक होटल में कमरा लेकर ठहरे थे। इसी दौरान उनके बीच फिर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद गुस्से में आकर विकास ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। घटना के समय आकांक्षा भी उसी कमरे में मौजूद थी।
इलाज के दौरान पांच दिन बाद हुई मौत
घटना के बाद विकास को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रायपुर ले जाया गया, जहां 1 फरवरी को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद कोनी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की।
जांच के बाद प्रेमिका गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस को ऐसे सबूत मिले, जिनसे पता चला कि आकांक्षा विकास को लगातार परेशान कर रही थी। पुलिस ने युवती के व्यवहार और घटना से जुड़े सबूतों के आधार पर उसे सुसाइड के लिए उकसाने का आरोपी माना। इसके बाद शनिवार को उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

