भाजपा ने 36 राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों में नए प्रभारियों और 24 राज्यों में सह-प्रभारियों का किया ऐलान…संजय भाटिया राजस्थान, बिप्लब देव एमपी, स्मृति ईरानी छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी…..5 चेहरों को दो-दो राज्यों की जिम्मेदारी

नई दिल्ली// भाजपा ने बुधवार को 36 राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों में पार्टी के नए प्रभारियों और 24 राज्यों में सह-प्रभारियों का ऐलान किया। संजय भाटिया को राजस्थान और बिप्लब कुमार देव को मध्य प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। राजस्थान में पहले डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल प्रभारी थे। वहीं, मध्य प्रदेश की जिम्मेदारी डॉ. महेंद्र सिंह के पास थी।

नई लिस्ट के मुताबिक, स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ और हरियाणा का प्रभारी बनाया गया है। राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड की जिम्मेदारी दी गई है। तीन अन्य नेताओं को भी दो-दो राज्यों का प्रभारी बनाया गया है। बिहार में हरीश द्विवेदी को प्रभारी बनाया गया है। यूपी में 4 सह-प्रभारी नियुक्त हुए हैं।

UP-पंजाब-गुजरात के प्रभारी नहीं बदले, 18 अगस्त को हुई थी नियुक्ति

भाजपा ने उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात के प्रभारी नहीं बदले हैं। विनोद तावड़े उत्तर प्रदेश, सतीश पूनिया पंजाब और तरुण चुघ गुजरात के प्रभारी बने रहेंगे। इन तीनों नेताओं की नियुक्ति 18 अगस्त को ही की गई थी। उस समय पार्टी ने कहा था कि बाकी राज्यों के प्रभारी और सह-प्रभारी बाद में नियुक्त किए जाएंगे।

अब नई लिस्ट में इन तीनों राज्यों और उनके प्रभारियों के नाम फिर से शामिल किए गए हैं। ये तीनों राज्य 2027 में विधानसभा चुनाव वाले 7 राज्यों में शामिल हैं। इनके अलावा उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर और हिमाचल प्रदेश में अगले साल चुनाव होंगे।

12 राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों में कोई सह-प्रभारी नहीं

12 राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों में भाजपा ने कोई सह-प्रभारी नियुक्त नहीं किया है। इसमें अंडमान-निकोबार, अरुणाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दादरा नगर हवेली एवं दमन और दीव, लद्दाख और लक्षद्वीप शामिल है। मणिपुर, मिजोरम, नगालैंड, पुडुचेरी, सिक्किम और त्रिपुरा में भी सिर्फ प्रभारी नियुक्त किए गए हैं, कोई सह-प्रभारी नहीं है।

एंटनी प्रभारी और सह-प्रभारी दोनों बने, यूपी में 4 सह-प्रभारी बने; 4 खास फैक्ट्स

  • 5 राज्यों में दो-दो सह-प्रभारी: असम, बिहार, दिल्ली, राजस्थान और तमिलनाडु में दो-दो सह-प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।
  • महाराष्ट्र में 3 सह-प्रभारी: बैजयंत जय पांडा प्रभारी हैं। वहीं, अमित मालवीय, सदानंद शेट तनवाडे और कमलजीत सहरावत सह-प्रभारी बनाए गए हैं।
  • अनिल एंटनी को दो राज्यों में दोहरी जिम्मेदारी: अनिल एंटनी नगालैंड के प्रभारी बनाए गए हैं। वे गोवा के सह-प्रभारी भी होंगे।
  • UP में 1 प्रभारी के साथ 4 सह-प्रभारी: विनोद तावड़े को प्रभारी बनाया गया है, जबकि उनके साथ चार सह-प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।

स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ प्रभारी बनाए जाने पर CM साय ने दी बधाई, बोले- संगठन और जनसेवा के संकल्प को मिलेगी मजबूती

रायपुर। भाजपा की ओर से पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर स्मृति ईरानी और नवनियुक्त सह-प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू को भी शुभकामनाएं दीं।

Important National