
पीड़ित युवक ने मामले की शिकायत SP से की है।
कोरबा// छत्तीसगढ़ के कोरबा में ट्रैक्टर से बांस की बल्ली लेकर जा रहे युवक को सिविल ड्रेस में आए 2 लोगों ने रोक लिया। उन्होंने खुद को रजगामार चौकी का पुलिसकर्मी बताया और बिना परमिट बांस ले जाने पर जेल भेजने की धमकी दी। इसके बाद 5 हजार वसूले गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत एसपी से की है।
मामला बालको थाना क्षेत्र की रजगामार चौकी का है। गोढ़ी के रहने वाला योगेंद्र कुमार ट्रैक्टर से बांस की बल्ली लेकर जा रहा था। इसी दौरान सिविल ड्रेस में आए दो लोगों ने उसका ट्रैक्टर रुकवा लिया। दोनों ने खुद को रजगामार चौकी में पदस्थ पुलिसकर्मी बताया।
आरोप है कि दोनों लोगों ने युवक से कहा कि बिना परमिट बांस ले जाने पर उसे जेल भेज दिया जाएगा। इसके बाद उन्होंने उससे रुपए की मांग की। डर के कारण युवक ने ऑनलाइन 5 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। रुपए मिलने के बाद दोनों ने उसे जाने दिया।

SP से की शिकायत
घटना के बाद योगेंद्र कुमार ने कोरबा एसपी से शिकायत की। उसने बताया कि दोनों लोगों ने खुद को रजगामार चौकी में पदस्थ बताया था। पीड़ित ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद एसपी ने जांच के निर्देश दिए हैं।
आरक्षक के खिलाफ वसूली की शिकायत
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि रजगामार चौकी में पदस्थ आरक्षक के खिलाफ एसपी कार्यालय में वसूली की शिकायत हुई है। एसपी ने जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ऑनलाइन ट्रांजैक्शन से आरोपियों की पहचान
पुलिस ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के आधार पर भी आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

