
दुर्ग-भिलाई// छत्तीसगढ़ के दुर्ग में एक महिला ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि पति और ससुर भिखारी घर से आई है, कुछ नहीं लाई बोलकर ताना मारते हैं और मारपीट करते हैं। महिला के शिकायत पर महिला थाना पुलिस केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता का नाम लक्ष्मी पटेल (24) है। जो कि ग्राम टेकापार दुर्ग की रहने वाली है। उसका आरोप है कि शादी के दूसरे दिन से ही पति और ससुराल वाले से दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे हैं। यह भी आरोप है कि उसे पेट्रोल डालकर जलने की धमकी दी जाती है।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, लक्ष्मी की 21 अप्रैल 2022 को बेमेतरा के बलराम पटेल शादी हुई थी।उसने बताया कि पिता ने 50 हजार रुपए कैश, बाइक, घरेलू सामान और सोना-चांदी के आभूषण दिए थे। लेकिन, ससुराल वालों ने शादी के दूसरे ही दिन दहेज कम लाने का ताना मारना शुरू कर दिया।
लक्ष्मी ने बताया कि ससुराल पहुंचते ही पति बलराम पटेल और ससुर कुंभकरण पटेल ने उसे नीचा दिखाना शुरू कर दिया। वे कहते थे कि “तू दहेज नहीं लाई है, भिखारी घर से आई है, छोटा-छोटा सामान लाई है, कपड़े भी लोकल लाई है, हमें चार पहिया वाहन चाहिए था।”
पेट्रोल डालकर जलाने की धमकी
पीड़िता का आरोप है कि मायके से चार पहिया वाहन और विवाह में हुए 5 लाख रुपए के खर्च को वापस लाने का दबाव बनाकर लगातार गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी। उसने बताया कि 30 मार्च 2024 की रात करीब 11-12 बजे पति और ससुर एक बैग लेकर आए।
पीड़िता के मुताबिक, परिवार के सामने पति-ससुर ने कहा कि बैगा-गुनिया भी इसको नहीं बचा पाएगा। पेट्रोल डालकर जला देंगे और कोई झूठा केस डालकर बच जाएंगे। कई बार गला दबाने की कोशिश भी की गई।
काउंसलिंग में झूठा आश्वासन
लक्ष्मी ने बताया कि अप्रैल 2025 में एसपी कार्यालय और बाद में महिला थाना में आवेदन दिया था। 24 अक्टूबर, 31 अक्टूबर और 7 नवंबर 2025 को काउंसलिंग हुई। जिसमें पति ने माफी मांगकर साथ रखने का आश्वासन दिया, लेकिन चार महीने बीत जाने के बाद भी वह उसे लेने नहीं आया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि पति-ससुर ने लड़ाई-झगड़े और मारपीट के दौरान उसका सारा कीमती आभूषण छीन लिए हैं और आज तक वापस नहीं किए।
पति और ससुराल वालों पर केस
इस मामले में महिला थाना भिलाई नगर ने पति बलराम पटेल और ससुर कुंभकरण पटेल के खिलाफ धारा 85(3)(5) BNS के तहत केस दर्ज कर लिया और जांच शुरू कर दी।

