सब्जी नहीं बनाई तो पति ने पत्नी को इतना पीटा कि पत्नी की मौके पर ही हुई मौत…महिला के गले और सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले…

जशपुर// छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पत्नी ने सब्जी नहीं बनाई, तो पति ने पत्नी को इतना पीटा कि पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस को आरोपी ने बताया कि एक तो शराब नहीं मिली। इससे पहले ही दिमाग खराब था। फिर पत्नी को सब्जी बनाने कहा तो उसने सब्जी नहीं बनाई, इसलिए उसे मार डाला।

यह घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम घुटरी में हुई। पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई 2024 को ग्रामीणों ने सूचना दी कि ग्राम घुटरी निवासी दुबेश्वरी बाई (46) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।

अपनी पत्नी को सब्जी नहीं बनाने पर मारने वाला आरोपी।

अपनी पत्नी को सब्जी नहीं बनाने पर मारने वाला आरोपी।

पुलिस ने देखा कि महिला अपने घर के भीतर मृत अवस्था में पड़ी थी। आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि मृतका दुबेश्वरी बाई और उसके पति जगेश्वर राम (48) के बीच अक्सर विवाद और झगड़े होते रहते थे। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई थी।

मौके पर पंचनामा कार्रवाई के दौरान पुलिस को महिला के गले और सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले, जिनसे खून बह रहा था। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लगने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डाक्टरों ने शरीर पर लगी बाहरी और अंदरूनी गंभीर चोटों को मृत्यु का कारण बताया और इसे हत्या करार दिया।

इसके आधार पर, सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी पति जगेश्वर राम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी जगेश्वर राम ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन शराब नहीं मिलने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ था। इसी दौरान उसने अपनी पत्नी से सब्जी बनाने के लिए कहा, लेकिन पत्नी ने मना कर दिया। इस बात से गुस्साए आरोपी ने आवेश में आकर पत्नी के साथ हाथ, मुक्कों और लात से लगातार मारपीट की, जिससे महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

Chhattisgarh