कार सवार दो युवकों ने एक महिला को लिफ्ट देने के बहाने अपनी गाड़ी में बिठाया और नशीला पदार्थ सुंघाकर उसके साथ किया गैंगरेप..FIR दर्ज…पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरु की.

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से महिला से गैंगरेप का मामला सामने आया है।

सूरजपुर// जयनगर थाना क्षेत्र में कार सवार दो युवकों ने एक 40 वर्षीय महिला को लिफ्ट देने के बहाने अपनी गाड़ी में बिठाया और नशीला पदार्थ सुंघाकर उसके साथ गैंगरेप किया।

वारदात के बाद पीड़िता की तबीयत बिगड़ने पर उसे अंबिकापुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ठीक होने के बाद महिला ने जयनगर थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, जो फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।

पहचान के युवकों ने दी थी लिफ्ट

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना 3 जुलाई की शाम की है। पीड़िता जयनगर थाना क्षेत्र में अपने घर लौटने के लिए ऑटो का इंतजार कर रही थी।

इसी दौरान ग्राम रविंद्रनगर निवासी सुशांत सिकदार और अखिलेश राय अपनी कार से वहां पहुंचे। महिला को अकेला देख दोनों ने कार रोकी और उसे घर छोड़ने का झांसा देकर लिफ्ट दे दी।

गांव के बाहर छोड़कर भागे

महिला का आरोप है कि कार में बैठते ही युवकों ने उसे कोई नशीली दवा सुंघा दी, जिससे वह बेहोश हो गई।

इसके बाद दोनों आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और उसे बदहवास हालत में उसके गांव छोड़कर भाग निकले।

गैंगरेप के बाद महिला की तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई। बदनामी के डर और इलाज की तात्कालिक जरूरत को देखते हुए परिजनों ने उसे तुरंत अंबिकापुर के अस्पताल में भर्ती कराया।

अस्पताल से डिस्चार्ज होने और पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद पीड़िता परिजनों के साथ जयनगर थाने पहुंची और आपबीती सुनाई।

पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरु की

जयनगर थाना पुलिस के अधिकारियों ने बताया, कि महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी सुशांत सिकदार और अखिलेश राय के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Chhattisgarh