घर के पीछे बाड़ी में संदिग्ध हालत में मिली युवक की लाश…शादीशुदा होने के बाद भी युवती से था अफेयर…परिजन बोले-युवती और परिवार वालों ने मिलकर की हत्या..

बिलासपुर// बिलासपुर में एक किसान युवक की लाश उसके ही घर के पीछे बाड़ी में संदिग्ध हालत मिली है। उसके गले पर चोट के निशान भी मिले हैं, जिसे देखकर घरवालों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि शादीशुदा होने के बाद भी युवती से उसका अफेयर था। उन्हें शक है कि युवती और उसके परिवार वालों ने मिलकर उसकी हत्या की है। यह घटना सीपत थाना क्षेत्र की है।

ग्राम कौड़िया का रहने वाला चंद्रप्रकाश पटेल (28) खेती-किसानी करता था। उसके पिता का नाम स्व. नान दाऊ पटेल था। चंद्रप्रकाश शादीशुदा था और उसके चार बच्चे भी हैं। बुधवार को परिवार के लोग खेत में काम करने गए थे, जबकि चंद्रप्रकाश घर पर ही था। शाम को जब परिजन वापस लौटे तो घर के पीछे बाड़ी में चंद्रप्रकाश का शव मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी।

टीआई बोले- युवक के शरीर पर नहीं है बाहरी चोट

टीआई राजेश मिश्रा ने बताया कि बुधवार शाम 28 वर्षीय किसान का शव उसके घर के पीछे बाड़ी में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। प्रारंभिक जांच में उसके शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं और न ही सुसाइड का कोई लक्षण दिख रहा है।

पुलिस ने शव का पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने भी जांच की है। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट आने पर ही उसके मौत के कारणों का पता चल सकता है।

अफेयर के चलते हत्या की आशंका

परिजन ने चंद्रप्रकाश के शव को देखकर हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि उसके गले पर चोट के निशान मिले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शादीशुदा होने के बाद भी गांव की एक युवती ने उससे प्रेम संबंध बना लिया था। आरोप है कि युवती और उसके परिवार वालों ने मिलकर उसकी हत्या की है।

टीआई राजेश मिश्रा का कहना है कि परिजन के आरोपों की भी जांच की जा रही है। वहीं, आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है।

युवती से भी पूछताछ कर रही पुलिस

परिजनों के आरोप के बाद पुलिस ने गांव की युवती को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। देर रात तक थाने में उससे पूछताछ की गई और चंद्रप्रकाश के बारे में जानकारी ली गई। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवती ने घटना से जुड़ी कोई जानकारी पुलिस को दी है या नहीं।

Chhattisgarh