- कोलकाता के राजभवन में शुभेंदु अधिकारी ने राज्यपाल आर.एन. रवि से मुलाकात की. उन्होंने विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपकर आधिकारिक तौर पर पश्चिम बंगाल में नई सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है.
- तमिलनाडु में TVK चीफ और एक्टर विजय लगातार तीसरे दिन लोकभवन में राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर से मिले। उन्होंने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया।
- विजय को लेफ्ट पार्टियों, CPI और CPI(M) ने समर्थन देने की घोषणा कर दी है। दोनों के पास 2-2 विधायक हैं। विजय के पास कांग्रेस के 5 विधायकों का समर्थन पहले से है।
कोलकाता// सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के नए सीएम होंगे। कोलकाता में कन्वेंशन सेंटर में आयोजित विधायक दल की बैठक में उन्हें नेता चुना गया। बैठक के बाद अमित शाह ने उनके नाम का ऐलान किया।

इसके बाद सुवेंदु लोकभवन में राज्यपाल से मिले और सरकार बनाने का दावा पेश किया। सुवेंदु कल सुबह 11 बजे कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में PM मोदी, शाह समेत NDA के कई बड़े नेता शामिल होंगे।
उधर शाह ने विधायक दल की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि ममता जी के शासन में अपराधी राजनेता बन गए तो विकास की गुंजाइश ही नहीं रही। हम घुसपैठ, हिंसा, कट मनी खत्म करेंगे। महिला सुरक्षा टॉप प्रायोरिटी होगी।
56 साल के सुवेंदु ने CM ममता बनर्जी को भवानीपुर से हराया है। वे नंदीग्राम से भी लगातार दूसरी बार चुनाव जीते। यहां से 2021 में उन्होंने ममता को हराया था। भाजपा ने विधानसभा चुनाव में 207 सीटें जीती हैं।
शाह ने सुवेंदु को माला पहनाई, गले लगाया; 3 तस्वीरें…

अमित शाह ने सुवेंदु के नाम का ऐलान करने के बाद उन्हें सबसे पहले माला पहनाई।

शाह के हाथों माला पहननने के बाद सुवेंदु ने झुककर उनका अभिवादन किया।

शाह ने सुवेंदु को गले लगाकर बधाई दी।
शाह के संबोधन की 5 बड़ी बातें; कहा- बंगाल में भाजपा का झंडा फहराने का सपना पूरा
- गंगोत्री से गंगासागर तक, आज भाजपा की सरकार: 100 साल की वैचारिक यात्रा के बाद गंगोत्री से गंगासागर तक, आज भाजपा की सरकार बनी है। 1950 से जिस विचार को लेकर हम निकले, श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार को लेकर निकले। आज उनकी ही पार्टी की सरकार बनी।
- बंगाल में भाजपा का झंडा फहराने का सपना पूरा हुआ: 370 हटी तो देश भर में कार्यकर्ताओं में खुशी थी। लेकिन कई कार्यकर्ताओं ने कहा था कि अभी भी एक कसक बची है। उन्होंने कहा कि बंगाल में भाजपा का झंडा फहराना है। वो भी आज पूरा हो गया।
- भाजपा के 3 से 207 विधायक हुए: हमारे विधायकों के जीत का औसत मार्जिन 28 हजार है। 3 से 77 और 77 से 207 की यात्रा अभूतपूर्व है। 9 जिलों में टीएमसी का खाता तक नहीं खुला। दीदी का सूपड़ा साफ हो गया।
- घुसपैठियों को चुन-चुनकर निकालेंगे: भाजपा का वादा है कि बंगाल की जनता को कि न सिर्फ बंगाल, पूरे देश से हम एक-एक घुसपैठियों को चुन-चुनकर निकालेंगे। ये ध्रुवीकरण का मुद्दा नहीं है। ये देश की सुरक्षा का मुद्दा है।
- बंगाल की जनता को धन्यवाद: भाजपा पर भरोसा करके बंगाल की जनता को प्रचंड विजयी देने के लिए धन्यवाद। बंगाल की जनता ने जो अपेक्षाएं रखी हैं, हम पूरी कोशिश करेंगे कि आपके भरोसे को थोड़ा भी ठेस न पहुंचे।
TVK ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका से किया किनारा
तमिलनाडु की राजनीतिक पार्टी टीवीके (तमिलगा वेत्री कझगम) से जुड़े सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि पार्टी की ओर से सुप्रीम कोर्ट में कोई भी याचिका दायर नहीं की गई है, जिसमें राज्यपाल से अभिनेता-राजनेता सी. जोसेफ विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने की मांग की गई हो।
यह सफाई तब सामने आई जब एझिलारसी के. नाम की एक याचिकाकर्ता, जो खुद को पार्टी की सक्रिय सदस्य बताती हैं, ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर राज्यपाल को निर्देश देने की मांग की थी कि वे विजय को तमिलनाडु में सरकार गठन के लिए आमंत्रित करें। पार्टी सूत्रों ने इन दावों को पूरी तरह गलत और असंबंधित बताते हुए स्पष्ट किया है कि टीवीके का इस याचिका से कोई संबंध नहीं है।
TVK ने चुनाव में 108 सीटें जीती हैं। विजय दो सीटों पर जीते हैं। उन्हें एक सीट छोड़नी पड़ेगी। सरकार बनाने के लिए बहुमत का आंकड़ा 118 है। ऐसे में विजय को और 11 विधायक चाहिए।
कांग्रेस के 5 और लेफ्ट पार्टियों के 4 विधायकों के समर्थन के बावजूद विजय के पास 116 विधायक ही होंगे। उन्हें सरकार बनाने के लिए दो और विधायकों का साथ चाहिए होगा।
सूत्रों का दावा है कि विदुथलाई चिरुथैगल काची (VCK) अपने दो विधायकों के साथ विजय को समर्थन देने के लिए तैयार है। हालांकि, पार्टी ने अबतक औपचारिक घोषणा नहीं की है।
विजय ने 6 और 7 मई को भी राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया था। लेकिन राज्यपाल ने कहा कि 118 विधायकों का समर्थन दिखाइए तभी सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करेंगे।

