कोरबा// कोरबा के करतला वन मंडल अंतर्गत पीडिया गांव के समीप जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गए दो ग्रामीणों पर शुक्रवार दोपहर दो भालुओं ने हमला कर दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से भालुओं को खदेड़ा गया।

कन्हैयालाल राठिया भालुओं के हमले में गंभीर रूप से घायल
घायलों की पहचान पीडिया निवासी कन्हैयालाल राठिया (45) और किरण (15) के रूप में हुई है। उन्हें ग्रामीणों की सहायता से निजी वाहन द्वारा जिला मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

भालू के हमले में घायल 15 साल की बच्ची
2 बड़े भालुओं ने किया हमला
घायल कन्हैयालाल ने बताया कि तेंदूपत्ता तोड़ते समय अचानक दो बड़े भालुओं ने उन पर हमला कर दिया। उनके चिल्लाने पर एक भालू भाग गया, जबकि दूसरे ने पास में तेंदूपत्ता तोड़ रही किरण पर हमला कर दिया। आसपास मौजूद अन्य ग्रामीणों ने आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर भालू को जंगल की ओर खदेड़ा।
सरकारी एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंच सकी
कन्हैयालाल के अनुसार, तेंदूपत्ता तोड़ने का यह दूसरा दिन था जब यह घटना हुई। घटना के बाद सरकारी एंबुलेंस को सूचित किया गया, लेकिन वह समय पर नहीं पहुंच सकी। इसके बाद घायलों को निजी वाहन से कुछ दूर ले जाया गया, फिर सरकारी एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनाक्रम की जानकारी ली और घायलों का हालचाल जाना। वन विभाग द्वारा दोनों घायलों को तत्काल ₹500 की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई।

