अम्बिकापुर : समाधान शिविर में तत्काल हुआ राशन कार्ड संबंधी समस्या का निराकरण, हितग्राही ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

समाधान शिविर में तत्काल हुआ राशन कार्ड संबंधी समस्या का निराकरण, हितग्राही ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
  • सुशासन तिहार बना ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम

अम्बिकापुर (CITY HOT NEWS)///

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आयोजित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत लगाए जा रहे समाधान शिविर आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। शासन की योजनाओं और सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित समाधान शिविरों में ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।

लुण्ड्रा विकासखंड के ग्राम पसेना निवासी श्री नेहरू लाल यादव को ग्राम पंचायत रीरी क्लस्टर में आयोजित समाधान शिविर में तत्काल राहत मिली। राशन कार्ड से संबंधित समस्या लेकर शिविर पहुंचे श्री यादव की समस्या का मौके पर ही निराकरण किया गया तथा उन्हें राशन कार्ड की पीडीएफ प्रति उपलब्ध करा दी गई। इससे उन्हें कार्यालयों के चक्कर लगाने या अतिरिक्त समय व्यतीत करने की आवश्यकता नहीं पड़ी।

श्री नेहरू लाल यादव ने बताया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका कार्य इतनी शीघ्रता से पूर्ण हो जाएगा। उन्होंने कहा कि शिविर में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनकी समस्या को गंभीरता से सुना और तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए समाधान उपलब्ध कराया। इससे उन्हें काफी सुविधा हुई और समय की भी बचत हुई।

उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन आम लोगों तक पहुंच रहा है और उनकी समस्याओं का समाधान उनके गांव के निकट ही किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी कार्यालयों में जाना पड़ता था, लेकिन अब समाधान शिविरों के माध्यम से कई सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रही हैं।

श्री यादव ने शिविर में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि सभी अधिकारी आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए तत्परता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शासन की यह पहल ग्रामीणों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है ।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश पर सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित समाधान शिविरों में आम नागरिकों की मांग एवं शिकायतों का पंजीयन कर उनका समयबद्ध निराकरण किया जा रहा है। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी एवं हितग्राहीमूलक सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ सरलता एवं पारदर्शिता के साथ मिल रहा है।

Chhattisgarh