
- वैज्ञानिक खेती और बेहतर संसाधनों के सहारे बढ़ा उत्पादन क्षेत्र के किसानों के लिए बने मिसाल
रायपुर (CITY HOT NEWS)//
खेती में सफलता केवल मेहनत से नहीं, बल्कि सही समय पर सही संसाधनों और आधुनिक तकनीकों के उपयोग से भी हासिल की जा सकती है। इसका उदाहरण हैं गोरेला-पेन्ड्रा-मारवाही जिले के गौरेला विकासखंड के ग्राम लालपुर निवासी प्रगतिशील किसान अमन प्रसाद, जिन्होंने वैज्ञानिक खेती को अपनाकर अपनी उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि की है।
लगभग 7 एकड़ 50 डिसमिल कृषि भूमि में खेती करने वाले अमन प्रसाद पारंपरिक फसलों के साथ-साथ अपनी बाड़ी में सब्जियों की खेती भी करते हैं। खेती के प्रति उनकी लगन, नवाचारों को अपनाने की इच्छा और कृषि विभाग के मार्गदर्शन का लाभ लेने की प्रवृत्ति ने उन्हें क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना दिया है।
अमन प्रसाद ने बताया कि इस बार उन्हें समय पर पर्याप्त मात्रा में गुणवत्तापूर्ण खाद एवं बीज उपलब्ध हो गए, जिससे फसल की तैयारी सुचारु रूप से हो सकी और उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ा। वे बताते हैं कि समिति में खाद एवं बीज वितरण की व्यवस्था सरल, पारदर्शी और व्यवस्थित है। किसानों को आवश्यक कृषि आदान आसानी से उपलब्ध हो रहे हैं, जिससे उनका समय और श्रम दोनों बच रहे हैं।
उनका मानना है कि आधुनिक कृषि पद्धतियों और वैज्ञानिक सलाह के साथ यदि किसानों को आवश्यक संसाधन समय पर उपलब्ध हों, तो वे बेहतर उत्पादन प्राप्त कर अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं। यही कारण है कि वे लगातार नई कृषि तकनीकों को अपनाने का प्रयास कर रहे हैं और बेहतर परिणाम भी हासिल कर रहे हैं। आज अमन प्रसाद की उपलब्धियों से प्रेरित होकर अनेक किसान आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती की ओर कदम बढ़ा रहे हैं।

