
- बलरामपुर में डोर-टू-डोर अभियान के तहत 7.41 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड, 14 हजार से अधिक वरिष्ठ नागरिकों का वय वंदना पंजीयन
रायपुर,(CITY HOT NEWS)//

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में पात्र नागरिकों तक स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना तथा आयुष्मान वय वंदना योजना के अंतर्गत विशेष डोर-टू-डोर अभियान प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर पात्र हितग्राहियों का आयुष्मान कार्ड बना रही हैं तथा 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का ई-केवाईसी कर आयुष्मान वय वंदना कार्ड भी तैयार किया जा रहा है।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में कलेक्टर के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग, मितानिन, एएनएम, स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य मित्रों की संयुक्त टीमें लगातार घर-घर पहुंचकर पंजीयन का कार्य कर रही हैं। विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य संस्थानों तक आने की आवश्यकता न पड़े, इसके लिए उनके घर पहुंचकर ही ई-केवाईसी एवं कार्ड निर्माण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
जिले में राशन कार्ड डाटा के अनुसार आयुष्मान भारत योजना के तहत कुल 8,02,384 पात्र हितग्राही चिन्हित हैं। इनमें से अब तक 7,41,792 हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। शेष पात्र हितग्राहियों का पंजीयन कार्य भी तेजी से जारी है।
इसी प्रकार आयुष्मान वय वंदना योजना के अंतर्गत जिले के 21,609 पात्र वरिष्ठ नागरिकों में से 14,499 का पंजीयन पूर्ण किया जा चुका है। पंजीयन के बाद हितग्राही प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक की निःशुल्क उपचार सुविधा का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। शेष पात्र वरिष्ठ नागरिकों तक पहुंचने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार डोर-टू-डोर सर्वे एवं पंजीयन अभियान चला रही हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे स्वास्थ्य विभाग की टीमों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा आधार कार्ड, राशन कार्ड एवं मोबाइल नंबर उपलब्ध कराकर अपना आयुष्मान कार्ड एवं आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनवाएं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क उपचार सुविधा का पूरा लाभ मिल सके।

