बिलासपुर// छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुलिसकर्मी रिश्वत लेते कैमरे में कैद हुआ है। कॉन्स्टेबल ने आबकारी एक्ट के केस में फंसाने की धमकी देकर 1 लाख 5 हजार रुपए लिए हैं। कॉन्स्टेबल पैसे गिनते हुए नजर आ रहा है। मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र का है।

बिलासपुर में 1 लाख रुपए रिश्वत लेने का वीडियो वायरल हो रहा है। पुलिसकर्मी पैसे गिनते दिख रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक कॉन्स्टेबल का नाम गजपाल जांगड़े है, जो पचपेड़ी थाने में पोस्टेड है। पीड़ित ने कॉन्स्टेबल को जमीन गिरवी रखकर 1 लाख 5 हजार रुपए दिए। गजपाल जांगड़े ने 2 लाख की डिमांड की थी। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पीड़ित जोगी नायक ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृहमंत्री विजय शर्मा को पत्र लिखकर शिकायत की है। आरक्षक गजपाल जांगड़े, अजय मधुकर, मुरीत बघेल और हरवेंद्र खुंटे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

एक गड्डी नोट महिला अपने हाथ पर रखी थी, एक गड्डी पैसा पलंग पर रखा था। एक गड्डी नोट पुलिसकर्मी गिन रहा था।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, 6 अक्टूबर की शाम मानिकचौरी के रहने वाले जोगी नायक को हेड कॉन्स्टेबल हरवेंद्र खुंटे ने पचपेड़ी थाने के सरकारी क्वार्टर में बुलाया था। इस दौरान आरक्षक गजपाल जांगड़े, अजय मधुकर और मुरीत बघेल भी मौजूद थे।
सरकारी क्वार्टर में चारों पुलिसकर्मियों ने मिलकर जोगी नायक को जमकर डराया, धमकाया। जोगी नायक के खिलाफ गुंडा-बदमाश का केस दर्ज करने की धमकी दी। साथ ही 50 लीटर शराब की जब्ती बनाकर जेल भेजने की धमकी दी। इससे जोगी नायक घबरा गया।

बिलासपुर में पलंग पर रखी नोटों की गड्डी।
जमीन गिरवी रखकर पत्नी ने दिए पैसे
पीड़ित जोगी नायक ने बताया कि मुझे चारों पुलिसकर्मियों ने डरा-धमकाकर थाना परिसर में बंद कर दिया। मुझसे जबरन 2 लाख रुपए की मांग की। मुझे छुड़ाने के लिए मेरी पत्नी कामिनी नायक ने जेवरात और जमीन गिरवी रखकर कैश 1 लाख 5000 रुपए दिए।
पीड़ित ने बताया कि पुलिसवालों को पैसे देते वक्त वीडियो भी बनाया गया था। इसी के आधार पर पीड़ित नायक ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के बाद भी धमकी देने का आरोप है।

ये तस्वीर कॉन्स्टेबल गजपाल जांगड़े की है। इसी पुलिसवाले पर पैसे लेने का आरोप है।
अब जानिए वीडियो में क्या है ?
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि जोगी नायक की पत्नी कामिनी नायक ने कॉन्स्टेबल गजपाल जांगड़े को 1 लाख 5 हजार रुपए हैं। कॉन्स्टेबल गजपाल जांगड़े पैसों को गिन रहे हैं। नोटों का एक बंडल पलंग पर दिख रहा है, जिसमें 500 की गड्डियां हैं।
वीडियो में दिख रहा है कि कामिनी नायक कुछ नोटों को अपने हाथ में रखे हुए दिख रही हैं। पुलिसवाले से बता रही हैं कि उनके पास इतने ही पैसे हैं। उसके पति को छोड़ दीजिए। पुलिसकर्मी पैसों को गिनते नजर आ रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

पीड़ित ने मुख्यमंत्री और गृहमंत्री को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।

