
दुर्ग-भिलाई// दुर्ग में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी महिला को पैसों का लालच देकर सुनसान जगह ले गए थे। वहां उन्होंने जबरदस्ती करने की कोशिश की। महिला ने विरोध किया और पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो आरोपियों ने पहले गला दबाया और फिर बड़े पत्थर से सिर और चेहरे पर वार कर उसकी हत्या कर दी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 19 वर्षीय हर्ष यादव निवासी पीसेगांव और 20 वर्षीय नितेश ठाकुर निवासी चंदखुरी के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार।
पुलिस के मुताबिक 16 जुलाई को मजदूरी करने वाली महिला रोज की तरह मजदूरी के लिए घर से निकली थीं। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई। उसी रात पुलगांव नाला फ्लाईओवर के पास झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना मिली। शव को जिला अस्पताल की मर्च्यूरी में रखा गया, जहां परिजनों ने उसकी पहचान भगवंतीन साहू के रूप में की। पोस्टमार्टम में महिला के सिर, चेहरे और हाथ पर गंभीर चोटें मिलीं। रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलगांव थाना में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलगांव नाला के पास मिला था महिला का शव।
300 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए एएसपी सिटी सुखनंदन राठौर ने बताया कि यह मामला शुरुआत में पूरी तरह अंधा कत्ल था। ऐसे में एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के करीब 300 से ज्यादा फुटेज खंगाले गए। इलाके के लोगों, मजदूरों और ई-रिक्शा चालकों से भी पूछताछ की गई। तकनीकी जानकारी और मिले सुरागों के आधार पर पुलिस का शक हर्ष यादव और नितेश ठाकुर पर गया। दोनों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की गई। शुरुआत में दोनों पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन जब उनके सामने तकनीकी और दूसरे सबूत रखे गए तो वे टूट गए और हत्या की बात स्वीकार कर ली।

पुलिस ने लाश मिलने के बाद मौके से जुटाए थे अहम सुराग।
महिला को पैसों का लालच देकर ले गए थे आरोपी पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन वे बाइक से अलग-अलग जगह घूम रहे थे और लगातार शराब पी रहे थे। इसी दौरान तहसील कार्यालय के पास उनकी मुलाकात भगवंतीन साहू से हुई। दोनों ने महिला को पैसों का लालच दिया और ई-रिक्शा से पुलगांव नाला के पुराने पुल के पास सुनसान इलाके में ले गए। एएसपी के मुताबिक वहां दोनों ने महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। महिला ने इसका विरोध किया और पुलिस में शिकायत करने की चेतावनी दी। इससे घबराकर दोनों ने उसकी हत्या करने का फैसला कर लिया।
एक ने गमछे से गला दबाया, दूसरे ने बोल्डर से कुचला जांच में सामने आया कि पहले हर्ष यादव ने अपने गमछे से महिला का गला दबाया। इसके बाद नितेश ठाकुर ने पास में पड़े बड़े पत्थर से उसके सिर और चेहरे पर कई वार किए। फिर हर्ष ने भी उसी पत्थर से हमला किया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद दोनों आरोपी पैदल पुलगांव चौक पहुंचे और वहां से लिफ्ट लेकर चंदखुरी चले गए। पुलिस से बचने के लिए उन्होंने अपने कपड़े बदल दिए। एक आरोपी ने कपड़े धोकर छिपा दिए, जबकि दूसरे के कपड़े भी घर में रखवा दिए ताकि किसी को शक न हो। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया बोल्डर पत्थर, घटना के समय पहने गए कपड़े और दूसरे अहम सबूत बरामद कर लिए हैं। इन्हें जांच में शामिल किया गया है।
पैसे नहीं थे तो आरोपियों ने मोबाइल बेचा : एएसपी दुर्ग सिटी एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि दोनों आरोपी नितीश ठाकुर और हर्ष यादव अपने मोटरसाइकिल से घूमने निकले थे। पैसा नहीं था तो इन्होंने वापस चंदखुरी जाकर के अपने मोबाइल को 2,000 रुपये में बेचा। घूमते-घूमते फिर इनकी मोटरसाइकिल खराब हो गई तो ये आगे जाकर गाड़ी को खड़ी पैदल घूमने लगे। वहीं पास में ही एक महिला से इनका संपर्क हुआ। आरोपियों ने संबंध बनाने का कह करके वहां से आगे बढ़े। फिर तीनों घड़ी चौक तक पैदल आए और वहां से एक ई-रिक्शा पकड़े और उसके बाद वहां पर से उतर के अंदर झाड़ियों में गए। किसी बात को लेकर से इनका विवाद हो गया। उस बात पर जब हाथपाई और वाद-विवाद आगे बढ़ा, पैसे के लेनदेन को लेकर के विवाद हुआ था, तो महिला चिल्लाने लगी। इसके बाद दोनों आरोपियों ने मिलकर महिला की हत्या कर दी।

