
बलौदाबाजार// छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के पलारी ब्लॉक में शुक्रवार दोपहर एक पेट्रोल टैंकर पलटने से भीषण आग लग गई। बाइक को बचाने के चक्कर में यह हादसा हुआ है। ड्राइवर और बाइक सवार घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए भर्ती किया गया है। वहीं मौके पर पहुंची दमकल टीम ने आग पर काबू पा लिया है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना पलारी थाना क्षेत्र के ओडान सेमरिया के पास की है। जहां बाइक सवार युवक को बचाने के चक्कर में टैंकर पलट गया। किसी तरह ड्राइवर कूद गया। वहीं हादसे में बाइक सवार युवक भी घायल हो गया। इधर, टैंकर के पलटते ही जोरदार विस्फोट हुआ और आग लग गई।
आग की लपटें इतनी ऊंची उठीं कि मीलों दूर से धुआं दिखाई दे रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन और दमकल टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि टैंकरों की तेज रफ्तार और ड्राइवरों की लापरवाही इन हादसों की मुख्य वजह है।
पलारी एसडीएम दीपक निकुंज ने बताया कि टैंकर पलटने की सूचना पर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची थी। आग पर काबू पा लिया गया है। मामले की जांच पड़ताल की जी रही है। बता दें कि इससे पहले भी कोदवा के पास टैंकर में आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई थी।

