सरगुजा/सूरजपुर// छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में बॉयफ्रेंड ने दूसरे अफेयर के शक में अपनी गर्लफ्रेंड की हत्या कर दी। आरोपी रितेश राजवाड़े ने राधिका राजवाड़े (19) को कॉल कर नेहरू पार्क मिलने बुलाया और उसके गले में चाकू घोंपा, जो आर-पार हो गया।
गंभीर रूप से घायल राधिका कुछ दूर तक दौड़ी, फिर गिर पड़ी। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मरने से पहले उसने लिखकर आरोपी का नाम बताया था।
वारदात के बाद रितेश ने पार्क में पर्चा छोड़कर हत्या की जिम्मेदारी ली और आत्महत्या करने रेलवे ट्रैक पहुंच गया, जहां से पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। शुरुआती जांच में दोनों के बीच प्रेम संबंध और दूसरे अफेयर के शक में हत्या की बात सामने आई है।
देखिए पहले ये तस्वीरें-

गंभीर रूप से घायल युवती पुलिस को कुछ बताना चाह रही थी, उसने पुलिस की ओर इशारा किया।

युवती ने इशारे से पुलिसकर्मी का मोबाइल मांगा, ताकि वह कुछ बता सके।

प्राथमिक इलाज के के बाद जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
अब जानिए पूरा मामला
दरअसल, राधिका राजवाड़े रविवार शाम करीब 8 बजे नेहरू पार्क में थी। इस दौरान उसके पास बाइक सवार युवक पहुंचा और उसके गले पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू गले के आर-पार हो गया। इसके बाद आरोपी चाकू निकालकर बाइक से मौके से फरार हो गया था।
हमले के बाद गंभीर रूप से घायल राधिका बचने के लिए दौड़ी, लेकिन कुछ दूर जाकर खून से लथपथ हालत में गिर पड़ी। पार्क में मौजूद लोगों ने उसे फौरन जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

अंबिकापुर में इलाज के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया।
गंभीर हालत में रेफर किया गया
जिला अस्पताल में शुरुआती इलाज के बाद राधिका की गंभीर हालत को देखते हुए उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। गले पर गंभीर चोट लगने के कारण वह बोल नहीं पा रही थी। पुलिस ने उससे पूछताछ की कोशिश की, लेकिन वह कुछ बता नहीं सकी।

आरोपी रितेश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मरने से पहले लिखा आरोपी का नाम
राधिका ने इशारे से कागज और पेन मांगा। मरने से पहले उसने आरोपी का नाम लिखकर बताया था। अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान रात करीब 10:30 बजे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही उसके रिश्तेदार अंबिकापुर पहुंच गए।

पार्क में वारदात वाली जगह पर जांच की गई।
CCTV फुटेज से आरोपी की पहचान
घटना के बाद सूरजपुर पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ की, लेकिन प्रत्यक्षदर्शी हमलावर की स्पष्ट पहचान नहीं कर सके। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने बाइक सवार आरोपी की पहचान की और रेलवे ट्रैक के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया।

