गौरेला पेंड्रा मरवाही, (CITY HOT NEWS)//
कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने कहा है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त योजना में प्रगति लाने की जरुरत है। उन्होंने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक से अधिक हितग्राहियों का पंजीयन तथा इंस्टॉलेशन की संख्या बढ़ाने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि यह सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता की योजना हैं। उन्होंने योजना के क्रियान्वयन में लक्ष्य के अनुरुप प्रगति लाने और कार्यपालन अभियंता को विभाग के मैदानी अमले को प्रतिदिन का लक्ष्य देकर योजना में प्रगति लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि विद्युत व्यवस्था अत्यावश्यक सेवा में आता है। अनावश्यक रुप से विद्युत प्रवाह में कटौती नहीं करना है। उन्होंने गर्मी के मौसम में जनहित को ध्यान में रखते हुए निर्वाध रुप से विद्युत आपूर्ति जारी रखने, जहां ट्रांसफार्मर बदलने की जरुरत है, वहां तत्काल ट्रांसफार्मर बदलने और जन शिकायतों पर त्वरित अमल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में कार्यपालन अभियंता सीएसपीडीसीएल श्री एन पी सिंह ने बताया कि सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिले में अब तक 1469 लोगों ने पंजीयन कराया है। इनमें से 1240 लोगों ने वेंडर का चयन कर लिया है तथा 174 लोगों को इंस्टॅालेशन किया जा चुका है। बैठक में सीईओ जिला पंचायत मुकेश रावटे, उप अभियंता श्रीमती दिशा सूर्यवंशी सहित सभी मैदानी अधिकारी उपस्थित थे।

