गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : कार्यभार ग्रहण करने के बाद कलेक्टर ने निर्माणाधीन कंपोजिट बिल्डिंग का किया निरीक्षण

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही,(CITY HOT NEWS)///

जिले के नवपदस्थ कलेक्टर श्री विजय दयाराम के ने पदभार ग्रहण करने के बाद जिला मुख्यालय पेंड्रारोड स्थित निर्माणाधीन कंपोजिट बिल्डिंग का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन में चल रहे फिनिशिंग कार्यों और शेष निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित निर्माण एजेंसी को 14 अगस्त तक उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। करीब 17 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही इस कंपोजिट बिल्डिंग में कलेक्टर कार्यालय, कलेक्टर न्यायालय, मीटिंग हॉल, वेटिंग रूम, आवक-जावक शाखा, पोर्च, लिफ्ट सहित विभिन्न कार्यालयों और सुविधाओं का निर्माण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने टाइल्स, वाटर हार्वेस्टिंग, विद्युत वायरिंग समेत अन्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे को कम्पोजिट भवन में विभिन्न विभागों के लिए कक्ष आवंटन की कार्रवाई शुरू करने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री दिलेराम डाहिरे, एसडीएम पेंड्रारोड श्री अमित बेक, लोक निर्माण विभाग की कार्यपालन अभियंता नित्या कुमारी ठाकुर सहित संबंधित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Chhattisgarh