गौरेला पेण्ड्रा मरवाही, (CITY HOT NEWS)//
शासकीय पॉलीटेक्निक मरवाही में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया 11 जून से प्रारंभ होने जा रही है। संस्थान में वर्तमान में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग तथा सिविल इंजीनियरिंग के तीन वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। संस्थान प्रबंधन के अनुसार छात्राओं के लिए शिक्षण शुल्क पूर्णतः निःशुल्क रखा गया है, जिससे अधिक से अधिक छात्राएं तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर सकें। वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया जाता है। डिप्लोमा पूर्ण करने के बाद विद्यार्थियों को उद्योगों में रोजगार के अवसर मिलने के साथ-साथ बी.टेक. के द्वितीय वर्ष में प्रवेश लेकर उच्च शिक्षा प्राप्त करने का भी अवसर मिलेगा।
प्रथम चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग के लिए पंजीयन 11 जून सुबह 10 बजे से 15 जून रात 11.59 बजे तक किया जाएगा। मेरिट सूची 16 जून को जारी होगी। दावा आपत्ति 17 जून तक लिया जाएगा तथा प्रवेश प्रक्रिया 20 जून से 24 जून तक चलेगी। इसके बाद द्वितीय चरण की काउंसलिंग 26 जून से 30 जून तक तथा संस्थान स्तरीय काउंसलिंग 11 जुलाई से 16 जुलाई तक आयोजित की जाएगी। मेरिट सूची 17 जुलाई को होगी तथा प्रवेश प्रक्रिया 18 जुलाई से 22 जुलाई तक चलेगी। प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं ऑनलाइन आवेदन के लिए अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ तकनीकी शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइटhttps://cgdte.admissions.nic.in/पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। संस्थान ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर पंजीयन एवं अपनी पसंद सावधानी पूर्वक करने की अपील की है।

