दंतेवाड़ा(CITY HOT NEWS)///
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के अंतर्गत माई भारत के तत्वावधान में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कुआकोंडा में जिला स्तरीय “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें स्वस्थ, जागरूक एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के दौरान माई भारत दंतेवाड़ा के जिला युवा अधिकारी श्री आदित्य पांडेय ने उपस्थित युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशा न करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है और नशामुक्त युवा ही विकसित भारत के निर्माण की मजबूत नींव रख सकते हैं।
इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से कुल आठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें नृत्य, स्लोगन लेखन, वाद-विवाद, कविता पाठ, संगीत, नुक्कड़ नाटक, रील निर्माण एवं शॉर्ट फिल्म प्रतियोगिता शामिल थीं। प्रतिभागियों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभाव, सामाजिक जागरूकता तथा विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका को सशक्त ढंग से अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अभियान को जन-आंदोलन बनाने का संदेश दिया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। उपस्थित अतिथियों ने विजेताओं की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
अपने संबोधन में अतिथियों ने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा एवं सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा ही आत्मनिर्भर और विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं। कार्यक्रम के माध्यम से “नशा मुक्त युवा, विकसित भारत” अभियान का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प भी दोहराया गया। कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री प्रमोद भदौरिया, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री मनोज राठौर, विकासखंड स्रोत समन्वयक श्री रत्तु राम राणा, विद्यालय के प्राचार्य सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

