सारंगढ़// छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में मंगलवार को दो शिक्षकों के बीच क्लास में पढ़ाने को लेकर विवाद हो गया। इतना ही नहीं दोनों में जमकर मारपीट भी हुई। बच्चे डर के मारे क्लास छोड़कर भाग निकले। मारपीट की घटना CCTV में कैद हो गई।

यह मामला बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र के शासकीय हाई स्कूल धाराशिव का है। जानकारी के मुताबिक, हिंदी के शिक्षक मनोज कश्यप जब क्लास में पढ़ा रहे थे, तभी शिक्षक विनीत दुबे वहां पहुंचे और उन्होंने अपने क्लास के समय में पढ़ाने से मना किया।

गाली-गलौज के बाद मारपीट
इस बात को लेकर दोनों में बहस शुरू हो गई। बहस गाली-गलौच में बदल गई और फिर दोनों शिक्षक हाथापाई पर उतर आए। छात्रों के अनुसार, गाली-गलौच की शुरुआत विनीत दुबे ने की थी। मारपीट में दोनों शिक्षक चोटिल हुए।

डर के मारे क्लास से बाहर भागे बच्चे
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि छात्र डर के मारे क्लास से बाहर भाग रहे हैं। इधर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सत्यनारायण साहू ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्राचार्य से जवाब मांगा गया है।
उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चों, शाला प्रबंधक समिति, गांव के जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों के बयान लिए जाएंगे। जांच में दोषी पाए जाने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


