जांजगीर-चांपा// छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में देर रात कांग्रेस नेता के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। तीन नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया है। मर्डर के बाद आरोपी मौके से भाग गए, जिनकी तलाश की जा रही है। मामला बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव का है।
गोली लगने से कांग्रेस नेता के बड़े बेटे की मौत हो गई।
घटना सीमेंट-रेत व्यवसायी और पूर्व ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष सम्मेलाल कश्यप के घर की है। गुरुवार रात करीब साढ़े 12 बजे बदमाश घर में घुसे और परिवार के सदस्यों को निशाना बनाते हुए गोलीबारी शुरू कर दी।
हमले के दौरान उनके बड़े बेटे आयुष कश्यप (19) को सिर और सीने में गोलियां लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि छोटा बेटा गंभीर घायल हुआ है। पुलिस इस मामले में केस दर्ज कर जांच में जुट गई है।
पहले ये तस्वीरें देखिए…

आयुष की सिर और सीने में दो गोली मारी गई थी।

सूचना के बाद प्रभारी एसपी निवेदिता पॉल ने घर पहुंचकर जांच की।

परिजनों का रो-रोककर बुरा हाल है।

घटना की सूचना के बाद कांग्रेस नेता के घर के बाहर भीड़ मौजूद रही।
माता-पिता को कमरे में किया बंद
बदमाशों ने वारदात से पहले पीड़ित भाइयों के माता-पिता को कमरे में बंद कर दिया था। वे घर से 50-60 रुपये कैश और एक आईफोन लूटकर मौके से फरार हो गए। घायल नाबालिग का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है।

मृतक आयुष कश्यप बीएएलएलबी सेकेंड ईयर का स्टूडेंट था।
तीनों भाई बहन एक ही कमरे में सो रहे थे
मृतक आयुष कश्यप (19) बीएएलएलबी सेकंड ईयर का छात्र था, वहीं आशुतोष कश्यप (16) 10वीं का छात्र है। वह बिलासपुर में रहकर पढ़ाई करता है। उसकी एक बहन प्रेरणा कश्यप भी है जो कि जगदलपुर जिले के अंजर गांव पोस्ट ऑफिस में बीपीएम पद पर पोस्टेड है।
10 मार्च को प्रेरणा भी छुट्टी पर घर आई थी, गुरुवार रात तीनों भाई बहन एक ही कमरे में सो रहे थे।

छोटे बेटे आशुतोष के कंधे पर गोली लगी है।
तीन दिन पहले आयुष के बारे में पूछने आए थे युवक
मृतक युवक की बहन और प्रत्यक्षदर्शी प्रेरणा कश्यप के मुताबिक, तीन युवक आए और पहले उसके भाई आयुष को गोली मारी, फिर 16 साल के छोटे भाई को भी निशाना बनाया। तीनों बदमाशों ने चेहरे पर नकाब पहन रखा था।
वारदात के बाद आरोपी 3 मोबाइल और कुछ कैश लेकर फरार हो गए। प्रेरणा ने बताया कि करीब एक हफ्ते पहले भी तीन युवक उसके भाई आयुष के बारे में पूछताछ करने आए थे।

परिजनों से पूछताछ कर पुलिस आरोपियों की जानकारी जुटा रही है।
पिता बोले- रेत के कारोबार की वजह से बेटे की हत्या
आयुष के पिता सम्मेलाल कश्यप ने आरोप लगाया है कि रेत के कारोबार को लेकर उनके बेटे की हत्या की गई। उनका कहना है कि 19 साल का आयुष रेत का काम करता था और हाल ही में उसने हाइवा और जेसीबी खरीदे थे, जिसके बाद से वह इस काम में एक्टिव था।
शहर में नाकेबंदी, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
एएसपी उमेश कुमार कश्यप ने बताया कि बाइक सवार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है। करही गांव में घटना के बाद प्रभारी एसपी निवेदिता पाल, एडिशनल एसपी उमेश कश्यप समेत साइबर और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस घर में लगे CCTV के साथ आसपास के कैमरों की भी जांच कर रही है। अलग-अलग सड़कों पर नाकेबंदी की गई है और कॉल डिटेल के जरिए भी सुराग जुटाए जा रहे हैं।

