दो अंतरराज्यीय चोरो से कैश, सोने के जेवर, चांदी का ब्रेसलेट, 5 मोबाइल समेत 4.21 लाख रुपए का सामान बरामद…मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर दोस्ती कर युवती को जन्मदिन पार्टी के बहाने नशीला पदार्थ खिलाया फिर लाखों रुपए के जेवर और कैश चोरी कर हुए थे फरार…

रायपुर// रायपुर पुलिस ने मैट्रिमोनियल वेबसाइट Jeevansathi.com पर दोस्ती कर युवती को जन्मदिन पार्टी के बहाने नशीला पदार्थ खिलाकर लाखों रुपए के जेवर और कैश चोरी करने वाले दो अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना खम्हारडीह थाना क्षेत्र की है।

आरोपियों में दिल्ली निवासी अभिनव सिंह और हितिन नरूला शामिल है। आरोपियों पर आगे की कार्रवाई पुलिस कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मुख्य आरोपी अभिनव सिंह पिछले एक महीने में करीब 100 महिलाओं से ऑनलाइन संपर्क कर चुका था, जिसकी जांच जारी है।

आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी।

आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी।

अब पढ़िए क्या है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, 15 मई को पीड़िता ने बताया था कि, जनवरी महीने में Jeevansathi.com पर अभिनव सिंह नाम के युवक से दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रही। 15 मई को आरोपी ने युवती को जन्मदिन मनाने के बहाने घर पर मिलने की बात कही।

दोपहर में वह उसके घर पहुंचा और साथ में खाना खाए। इसी दौरान उसने खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाने के कुछ देर बाद युवती बेहोश हो गई। अगले दिन होश आने पर उसने देखा कि गले की सोने की चेन, अंगूठियां और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर गायब हैं। आरोपी का मोबाइल भी बंद था। इसके बाद पीड़िता ने खम्हारडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने आरोपी हितिन नरूला को हरिद्वार से और मुख्य आरोपी अभिनव सिंह को दिल्ली के पहाड़गंज इलाके से दबोचा है। पूछताछ में पता चला कि वारदात के दौरान हितिन रेलवे स्टेशन पर रुका था, जबकि अभिनव युवती के घर गया था। युवती के बेहोश होने के बाद वह जेवर समेटकर साथी के साथ फरार हो गया।

आरोपियों से यह सामान हुआ जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 57 हजार रुपए कैश, दो तोला सोने के जेवर, चांदी का ब्रेसलेट और 5 मोबाइल समेत 4.21 लाख रुपए का सामान बरामद किया है। जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी फर्जी आधार और पैन कार्ड का इस्तेमाल करता था। उसके खिलाफ दिल्ली और उत्तराखंड में धोखाधड़ी, चोरी और वाहन चोरी के कई मामले दर्ज हैं।

Chhattisgarh