कोरबा// कोरबा में रविवार (19 जुलाई) शाम कोतवाली थाना क्षेत्र के सर्वमंगला-राताखार मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद करीब एक घंटे तक सड़क पर लंबा जाम लगा रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार सर्वमंगला से राताखार की ओर जा रहा था। तभी मोड़ पर सामने से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक उछलकर दूर जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

ट्रेलर जब्त, चालक फरार
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी प्रमोद डनसेना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।
जेब से मिला डीएसपीएम प्लांट का गेट पास
मृतक की जेब से डीएसपीएम प्लांट का एक गेट पास मिला है। पास पर हरियर दास, पिता इतवारी दास, निवासी बिरदा (कोरबा) का नाम दर्ज है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है। उनके पहुंचने के बाद शव की औपचारिक पहचान और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एक घंटे तक बाधित रहा यातायात
हादसे के बाद सर्वमंगला-राताखार मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों से यातायात बहाल कराया। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर चिंता जताते हुए स्पीड ब्रेकर और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की मांग की है।
जांच जारी
फिलहाल, पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

