बलौदाबाजार : सीएम हेल्पलाइन बनी जरूरतमंद परिवार का सहारा, सप्ताहभर में बनकर मिला राशन कार्ड

बलौदाबाजार,(CITY HOT NEWS)//

शासन की जनहितकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध ढंग से पहुंचे, इस दिशा में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित सीएम हेल्पलाइन आम नागरिकों के लिए भरोसे का प्रभावी माध्यम बन रही है। इसका एक और सकारात्मक उदाहरण जिले के सुहेला विकासखंड अंतर्गत ग्राम बासीन निवासी संगीता यादव एवं उनके पति किशोर यादव के परिवार में देखने को मिला।  कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने सोमवार को संगीता यादव के पति  किशोर यादव को राशन कार्ड प्रदान किया।

खेती और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले इस परिवार के लिए राशन कार्ड का अभाव लंबे समय से चिंता का विषय था। आर्थिक रूप से सीमित संसाधनों के बीच राशन कार्ड न होने के कारण उन्हें शासकीय खाद्यान्न योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा था।

अपनी समस्या के समाधान की उम्मीद लेकर संगीता यादव ने लगभग एक सप्ताह पूर्व सीएम हेल्पलाइन में राशन कार्ड बनवाने के संबंध में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होते ही जिला प्रशासन एवं खाद्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की। त्वरित प्रक्रिया पूर्ण करते हुए आज कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा ने संगीता यादव के पति किशोर यादव को राशन कार्ड प्रदान किया।

राशन कार्ड प्राप्त होने पर किशोर यादव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनके परिवार को समय पर शासकीय राशन का लाभ मिल सकेगा, जिससे घरेलू खर्च का बोझ कम होगा और परिवार को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से उनकी समस्या का इतनी शीघ्र समाधान होगा, इसकी उन्हें उम्मीद नहीं थी। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय तथा जिला प्रशासन के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन सरकार की संवेदनशील कार्यशैली से आम लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है।

Chhattisgarh