नकली गहने देकर प्राइवेट कंपनी के कर्मचारी से 2.50 लाख रुपए की ठगी…आरोपियों ने खुदाई में मिले सोने के गहने सस्ते में बेचने का लालच दिया..CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस..

रायपुर// राजधानी रायपुर में नकली गहने देकर प्राइवेट कंपनी के कर्मचारी से 2.50 लाख रुपए की ठगी की गई है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने खुदाई में मिले सोने के गहने सस्ते में बेचने का लालच दिया। प्राइवेटकर्मी महेश कानस्कर से 2.50 लाख रुपए ले लिए। आरोपियों के नाम राजेश प्रजापति और उसकी मां बताए जा रहे हैं।

खुदाई में मिले गहने बेचने का झांसा देकर ठगी की गई है। (AI जनरेटेड फोटो)

खुदाई में मिले गहने बेचने का झांसा देकर ठगी की गई है। (AI जनरेटेड फोटो)

ATM बूथ में हुई थी मुलाकात

महेश कानस्कर अवंति विहार इलाके के रहने वाले हैं। 18 जनवरी को कलर्स मॉल स्थित एटीएम बूथ में पैसे निकालने पहुंचा था। उसी दौरान एक युवक वहां आया। उसने अपना नाम राजेश प्रजापति बताया।

राजेश ने कहा कि उसके खाते से पैसे नहीं निकल रहे। बहन की शादी है। तुरंत पैसे भेजने हैं। बातचीत के दौरान उसने खुदाई में मिले गहने कम कीमत में बेचने का प्रस्ताव रखा।

सैंपल असली, माल निकला नकली

राजेश ने जांच के लिए गहनों का सैंपल दिया। जांच में सैंपल सही पाया गया। महेश सौदे के लिए तैयार हो गया। बाद में आरोपियों ने सोने-चांदी के नाम पर नकली गहने थमा दिए। बदले में ढाई लाख रुपए कैश ले लिए।

गहने लेकर महेश सराफा कारोबारी के पास पहुंचे। जांच में गहने फर्जी निकले। आरोपियों की तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। 10 दिन बाद न्यू राजेंद्र नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।

न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

न्यू राजेंद्र नगर थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच चल रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Chhattisgarh