कोरबा//कोरबा में कटघोरा-बिलासपुर मार्ग पर कसनिया के पास एक सड़क हादसे में तीन दोस्त घायल हो गए। इनमें से एक युवक की मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायलों का इलाज जारी है।

यह घटना शनिवार देर शाम की है। दर्री पुलिस थाना क्षेत्र के लाटा बस्ती निवासी 22 वर्षीय प्रवेश यादव अपने दो दोस्तों के साथ पल्सर बाइक पर सवार होकर कटघोरा के आगे सुतर्रा में एक दोस्त की शादी में शामिल होने गया था।

ट्रेलर ने बाइक सवार तीन दोस्तों को मारी टक्कर
शादी से लौटने के दौरान रात में कसनिया मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रेलर ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। ट्रेलर की टक्कर से बाइक का हैंडल वाहन से टकराया और तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

इलाज के दौरान युवक की मौत, दो साथी घायल
प्रवेश के भाई प्रमोद यादव ने बताया कि रविवार को इलाज के दौरान प्रवेश की मौत हो गई। घटना में घायल प्रवेश के दो अन्य साथियों को कहां भर्ती कराया गया है, इसकी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। रविवार सुबह मेडिकल कॉलेज अस्पताल चौकी पुलिस ने मेमो के आधार पर मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने बताया कि मेडिकल कॉलेज अस्पताल से प्राप्त मेमो के आधार पर परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। जांच के लिए संबंधित थाना को डायरी भेजी जाएगी। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

