ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल की टीचर ने छात्र से हिंदी और अंग्रेजी में 100-100 बार लिखवाई मां की गाली…स्कूल प्रबंधन ने पहले टीचर को सस्पेंड किया, फिर गलती पाए जाने पर उसे किया बर्खास्त…

अंबिकापुर// अंबिकापुर के बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल की टीचर ने कक्षा 8वीं के छात्र को 200 बार मां की गाली लिखने की सजा दी। छात्र से हिंदी और अंग्रेजी में 100-100 बार गाली लिखवाकर कॉपी पर पेरेंट्स के साइन कराने को भी कहा गया। मामला सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन ने पहले टीचर को सस्पेंड किया, फिर गलती पाए जाने पर उसे बर्खास्त कर दिया। वहीं, सरगुजा DEO ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

दरअसल, 28 जुलाई को स्कूल में कक्षा 8वीं के दो छात्रों के बीच विवाद हो गया था। दोनों ने एक-दूसरे को गालियां दीं। आरोप है कि एक छात्र द्वारा मां की गाली देने पर टीचर प्रेरणा ने उसे कक्षा से बाहर बैठाकर रफ कॉपी में हिंदी और अंग्रेजी में 100-100 बार वही गाली लिखने की सजा दी। स्कूल प्रबंधक उत्कर्ष किरण ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही कार्रवाई की गई और छात्र के परिजनों से माफी भी मांग ली गई।

अंबिकापुर के बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल का मामला।

अंबिकापुर के बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल का मामला।

पिता बोले- गाली सिखाने नहीं भेजते स्कूल

पिता ने कहा बच्चों ने गलती की भी थी तो शिक्षक उसे समझा सकते थे। शिक्षक का कर्तव्य है कि वह उसे समझाए, सही राह दिखाए। लेकिन उन्होंने हिंदी और अंग्रेजी में 100-100 बार गाली लिखने को कहा।

मेरे बच्चे ने लिखते समय 200 बार गाली का उच्चारण भी किया होगा। उन्होंने कहा कि हम अपने बच्चों को स्कूल में पढ़ाने भेजते हैं या गाली सिखाने।

बच्चे ने इसी कॉपी में 200 बार मां की गाली लिखी थी।

बच्चे ने इसी कॉपी में 200 बार मां की गाली लिखी थी।

ABVP ने दी थी आंदोलन की चेतावनी

मामले में एबीवीपी ने भी सरगुजा जिला शिक्षा अधिकारी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी। एबीवीपी की रोहिणी मिश्रा ने कहा था कि संबंधित शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने पहले शिक्षक को सस्पेंड किया और बाद में बर्खास्त कर दिया। हालांकि, एबीवीपी का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।

डीईओ बोले- ऐसी सजा देना गलत, जांच होगी

सरगुजा DEO दिनेश झा ने बताया कि मामले की जांच कराई गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, स्कूल प्रबंधन ने संबंधित शिक्षिका को बर्खास्त कर दिया है।

Chhattisgarh