बलौदाबाजार// छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में बस स्टैंड स्थित मां महामाया मंदिर में ढाई लाख की चोरी हुई है। 25 जुलाई की सुबह पलारी का रहने वाला अमन यादव (22) मंदिर में घुसा। माता रानी के चरण छूकर प्रणाम किया और गले से 2 तोला वजनी सोने का हार चुराकर ले गया। चोरी का CCTV भी सामने आया है।

मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अमन ने आईटीआई की थी, लेकिन नौकरी नहीं मिलने के कारण बेरोजगार था। पुलिस के मुताबिक, वह धार्मिक प्रवृत्ति का था।

अमन यादव ने मंदिर में घुसते ही पहले प्रणाम किया।

फिर प्रतिमा से सोने का हार निकाल लिया।
5 पत्ती वाला मंगलसूत्र और लॉकेट चुराया
पुलिस के अनुसार, वार्ड क्रमांक 19 निवासी रोहित कुमार साहू ने 26 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें बताया गया कि 25 जुलाई की सुबह करीब 9:30 से 10:30 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति ने मां महामाया की प्रतिमा से 5 पत्ती वाला मंगलसूत्र और एक पत्ती वाला सोने का लॉकेट चुरा लिया था, जिसकी कीमत करीब ढाई लाख रुपए है।
CCTV की जांच से पता चला
इस संबंध में सिटी कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(3) और 305 के तहत मामला दर्ज किया गया। एसपी गौरव राय (IPS) के निर्देश पर गठित टीम ने मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज की डिटेल से जांच की।
रिश्तेदार के घर छिपा था आरोपी
तकनीकी जांच के बाद आरोपी की पहचान अमन कुमार यादव (22) के रूप में हुई, जो ग्राम सिंधोरा, थाना पलारी का निवासी है। पुलिस जब आरोपी के घर पहुंची तो पता चला कि वह ग्राम गबौद स्थित अपनी रिश्तेदारी में छिपा हुआ है।
इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी अमन कुमार यादव ने मंदिर से सोने के आभूषण चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।
चोरी किया सोने का हार बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए सोने के छह पत्ती/लॉकेट और घटना में इस्तेमाल किया गया एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। आरोपी के खिलाफ छिपकर सेंध लगाने की धारा लगाई गई है।
थाना प्रभारी लखेश केवंट ने बताया कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और अपराधों के त्वरित निराकरण के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले में भी सीसीटीवी फुटेज और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण चोरी की गुत्थी एक दिन के भीतर सुलझा ली गई।

