बालोद। पत्नी से फोन पर बात करने के शक में एक ट्रक चालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि रास्ते में ट्रक रोककर एक युवक और उसके साथियों ने चालक से गाली-गलौज की, लोहे की रॉड और हाथ-मुक्कों से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में बालोद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मडियापार निवासी योगेंद्र कुमार साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका छोटा भाई दिलेश्वर साहू ट्रक चालक है। दिलेश्वर माइंस से ट्रक लेकर लौट रहा था, तभी लाटाबोड़ और अरौद के बीच रास्ते में एक युवक और उसके साथियों ने उसका ट्रक रुकवा लिया।
पत्नी से बात करने का लगाया आरोप
शिकायत में आरोप है कि आरोपियों ने दिलेश्वर पर अपनी पत्नी से फोन पर बात करने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज की। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए लोहे की रॉड और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इस हमले में दिलेश्वर के हाथ और पैर में चोटें आईं।
मोबाइल लौटाने पहुंचा, फिर की धक्का-मुक्की
घटना के करीब एक घंटे बाद, जब योगेंद्र अपने भाई के साथ ट्रक के पास खड़े थे, तब आरोपी वहां पहुंचा और दिलेश्वर का मोबाइल वापस किया। योगेंद्र ने जब मारपीट का कारण पूछा तो आरोपी ने फिर गाली-गलौज शुरू कर दी और उनके साथ धक्का-मुक्की की। हालांकि, इस दौरान योगेंद्र को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
जिला अस्पताल में भर्ती
घटना के बाद परिजन घायल दिलेश्वर को लेकर गुण्डरदेही थाना पहुंचे, जहां से उसे मेडिकल परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल बालोद रेफर किया गया, जहां उसे भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
बालोद टीआई शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि शिकायत के आधार पर एक युवक और उसके साथियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है।

