पुलिस रिमांड में खड़े 18 चक्का ट्रेलर से कांच तोड़कर जैक, रॉड, साउंड बॉक्स समेत अन्य सामान चोरी..

कोरबा/// कोरबा में बांकीमोंगरा थाना परिसर में पुलिस रिमांड में खड़े एक 18 चक्का ट्रेलर से चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर ट्रेलर का कांच तोड़कर जैक, रॉड, साउंड बॉक्स समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। घटना के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, बांकीमोंगरा निवासी ट्रांसपोर्टर संजय यादव की ट्रेलर (क्रमांक CG 30 F 8112) को 20 जून को खनिज विभाग ने अवैध गिट्टी परिवहन के मामले में जब्त किया था। इसके बाद वाहन को एक माह के लिए थाना परिसर में पुलिस रिमांड में खड़ा कराया गया था। वाहन पर अभी जुर्माना तय नहीं हुआ था।

कांच तोड़कर ले गए सामान

रविवार सुबह संजय यादव जब थाना पहुंचे तो ट्रेलर के केबिन का कांच टूटा मिला। चोरों ने पत्थर मारकर कांच तोड़ा और अंदर रखा जैक, रॉड, साउंड बॉक्स सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। बताया गया कि दो दिन पहले तक वाहन पूरी तरह सुरक्षित था।

सीसीटीवी नहीं आया काम

घटना के बाद वाहन मालिक ने थाना कर्मियों से जानकारी ली तो पता चला कि परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन उनका कवरेज और दिशा घटना स्थल की ओर नहीं थी। इसी कारण चोरी की वारदात कैमरे में रिकॉर्ड नहीं हो सकी।

जांच में जुटी पुलिस

ट्रांसपोर्टर संजय यादव ने अभी औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मिलकर शिकायत देने की बात कही है। फिलहाल बांकीमोंगरा पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Chhattisgarh