पति ने पत्नी को उसके बॉयफ्रेंड के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ा…फिर पति ने बॉयफ्रेंड की कुल्हाड़ी से काटकर कर दी हत्या…

धमतरी// छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पति ने अपने पत्नी को उसके बॉयफ्रेंड के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया। इसके बाद पति ने बॉयफ्रेंड की कुल्हाड़ी से काट वारकर उसकी हत्या कर दी।

दरअसल, युवक का आरोपी की पत्नी के साथ अफेयर था। वो मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले से महिला से मिलने धमतरी आया हुआ था। महिला ने उसे अपना रिश्तेदार बताकर घर में ठहराया था। देर रात महिला के पति ने दोनों को साथ देखा, जिसके बाद गुस्से में उसने कुल्हाड़ी से युवक के गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिया।

घटना के बाद पत्नी गंभीर हालत में युवक को अस्पताल ले गई, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह पूरा मामला धमतरी जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र के बाजार कुर्रीडीह गांव का है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया।

अब जानिए पूरा मामला

पुलिस के मुताबिक, पति योगेंद्र सोरी (38) पत्नी पूर्णिमा सोरी और दो बच्चियों के साथ कुर्रीडीह गांव में रह रहा था। योगेंद्र का साइकिल स्टैंड का व्यापार करता था।

दरअसल, पूर्णिमा सोरी की करीब एक साल पहले मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के दलौदा तहसील के रहने वाले शंकर सूर्यवंशी (40) से रॉन्ग नंबर के जरिए बातचीत शुरू हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। इसके बाद शंकर समय-समय पर पूर्णिमा से मिलने उसके गांव आता-जाता था।

बताया जा रहा है कि करीब 15 दिन पहले पूर्णिमा अपनी दो बेटियों के साथ शंकर के घर मंदसौर भी गई थी। वहां चार-पांच दिन रुकने के बाद वह वापस अपने गांव लौट आई थी।

पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 की शाम करीब 7 बजे शंकर एक बार फिर पूर्णिमा से मिलने उसके घर पहुंचा। पत्नी ने उसे रिश्तेदार बताकर घर में ठहराया। रात में सभी ने साथ बैठकर खाना खाया। इसके बाद घर के एक ही हॉल में पूर्णिमा, उसका पति योगेंद्र सोरी, दोनों बच्चे और शंकर सो गए।

रात करीब 3 बजे योगेंद्र सोरी की नींद खुली। तो उसने पत्नी पूर्णिमा और शंकर को आपत्तिजनक हालत में देखा। इस पर योगेंद्र भड़क गया। उसने कुल्हाड़ी से शंकर के गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। इस हमले में शंकर बुरी तरह घायल हो गया।

इसके बाद पूर्णिमा खुद गंभीर रूप से घायल शंकर को 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही केरेगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी योगेंद्र सोरी (38 वर्ष), निवासी बाजार कुर्रीडीह, स्कूलपारा, थाना केरेगांव, जिला धमतरी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Chhattisgarh