घुनघुट्टा नदी में डूबने से मामा-भांजी की मौत, परिवार में पसरा मातम…नदी में नहाने गए थे….डूबने लगे बच्चे तो नदी में कूदा था युवक..

सरगुजा// सरगुजा में घुनघुट्टा नदी में डूबने से मामा और भांजी की मौत हो गई। शनिवार को एक युवक अपनी पत्नी और बच्चों के साथ नदी में नहाने गया था। इसी दौरान बच्चे डूबने लगे, तो उन्हें बचाने के लिए युवक नदी में कूद गया। उसने दो बच्चों को बचा लिया। डूब रही भांजी को बचाते हुए वह खुद नदी में डूब गया। शाम को दोनों के शव नदी से बाहर निकाले गए। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर के नमनाकला निवासी ईश्वर सोनी की बेटी सिन्नी सोनी (12) रायपुर में पढ़ाई करती है। गर्मी की छुट्टी होने पर वह अपनी मां और मामा विनीत सोनी (45 वर्ष) के साथ शनिवार सुबह ही अंबिकापुर लौटी थी। उन्हें लेने के लिए विनीत सोनी रायपुर गए थे। शनिवार करीब ढाई बजे परिवार के सदस्यों ने नहाने जाने का प्लान बनाया।

डूबने लगे बच्चे तो नदी में कूदा युवक

विनीत सोनी, उनकी पत्नी, दो बच्चे और भांजी सिन्नी सोनी के साथ वे कार में सवार होकर बिलासपुर रोड स्थित घुनघुट्टा नदी में पहुंचे। विनीत के दोनों बच्चे और भांजी सिन्नी सोनी नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उन्हें डूबता देख विनीत सोनी पानी में कूदे और अपने दोनों बच्चों को खींचकर बाहर निकाला।

विनीत सोनी डूब रही भांजी सिन्नी सोनी को बचाने के लिए दुबारा गए, लेकिन तब तक सिन्नी गहरे पानी में चली गई थी। उसे बचाते हुए विनीत सोनी भी गहरे पानी में समा गए। विनीत की पत्नी ने शोर मचाया और मोबाइल से सूचना परिजनों को दी।

ग्रामीणों ने बाहर निकाला शव घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला जा सका। तब तक परिजन मौके पर पहुंच गए थे। दोनों को जीवन ज्योति हॉस्पिटल लाया गया, जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

दोनों के शवों को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में रखवा दिया गया है। हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घुनघुट्टा नदी में नहाने के दौरान पहले भी डूबने की घटनाएं हो चुकी हैं।

Chhattisgarh