रायगढ़// छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में 2 ट्रकों की टक्कर के बाद जिंदा जलकर एक ट्रक ड्राइवर की मौत हो गई। घटना घरघोड़ा थाना क्षेत्र के कुडुमकेला मार्ग पर दोपहर 1 बजे हुई।

हाईवा और ट्रेलर के बीच टक्कर से ड्राइवर जिंदा जल गया।
जहां हादसा हुआ कुरकुट नाला का पुल संकरा है। दोनों गाड़ी के ड्राइवर ने अनुमान लगाया कि वे पहले गाड़ी निकाल लेंगे। लेकिन स्पीड कंट्रोल नहीं होने के कारण दोनों की भिंड़त हुई, और ट्रकों में आग लग गई।
टक्कर के बाद एक ड्राइवर केबिन में फंस गया, बाहर नहीं निकल पाया और जिंदा जल गया। मृतक सूरजपुर का रहने वाला था। वहीं दूसरे गाड़ी के ड्राइवर ने कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना के 3 घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। केबिन में फंसे ड्राइवर के जले शव को बाहर निकाला गया।
देखिए हादसे की तस्वीरें…

घटना घरघोड़ा से कुडुमकेला मार्ग पर पुल के ऊपर हुआ।

वाहनों से उठता धुआं दूर-दूर तक दिखाई दिया। करीब 3 घंटे बाद आग बुझ पाया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि, कुछ ही मिनटों में दोनों वाहनों में आग लग गई।
गाड़ियों में सरिया और कोयला लोड था
DSP सुशांतो बनर्जी के मुताबिक, एक ट्रक जामपाली माइंस से बालोद रेल्वे साइडिंग तक कोयला लेकर जा रही थी। दूसरी ट्रक में सरिया लोड था। वह बालोद से जामपाली की ओर जा रही थी।
दोनों गाड़ियों के ड्राइवरों ने पहले गाड़ी निकालने के चक्कर में आमने सामने टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि, कुछ ही मिनटों में दोनों गाड़ियों में आग लग गई। दोनों वाहनों के ड्राइवर केबिन में अंदर फंस गए थे। उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।
फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
इनमें एक ट्रक ड्राइवर की जिंदा जलकर मौत की पुष्टि हो चुकी है। मृतक की पहचान कमलेश प्रसाद देवांगन (52) के रुप में हुई है। वह सूरजपुर का रहने वाला था, विपुल कंपनी में कार्यरत था। दूसरे ड्राइवर ने कूदकर अपनी जान बचाई थी।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया। जली गाड़ियों को हटाकर पुल से आवागमन शुरू कर दिया गया है।

दूर तक दिखा धुआं, सड़क पर लगा जाम
हादसे के बाद दूर-दूर तक धुआं दिखाई दे रहा था। जिसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन आग इतनी भयंकर थी कि किसी को बचाया नहीं जा सका।
घटना के चलते रायगढ़-घरघोड़ा मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। आग पर पूरी तरह से अभी भी काबू नहीं पाया सका है।
सूचना मिलते ही घरघोड़ा पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं थी। आग पर काबू पाने के लिए 3 ये ज्यादा दमकल वाहनों की मदद ली गई थी।

वाहनों में टक्कर लगने के बाद आग लग गई। दूर से धुंआ नजर आ रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई लापरवाही
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि, हादसे की मुख्य वजह ट्रक ड्राइवर की तेज रफ्तार और लापरवाही हो सकती है। अचानक हुई टक्कर के कारण ड्राइवर को संभलने का मौका नहीं मिला। स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि, यह क्षेत्र पहले से ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित है। यहां पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
1 ड्राइवर के मौत की पुष्टि
घरघोड़ा टीआई गौरव कुमार ने बताया कि घटना में 1 की मौत की पुष्टि हुई है और दूसरा ड्राइवर संभवतः बच कर निकल गया है। मामले में घटना की पूरी जानकारी का पता लगाया जा रहा है।

