नई पहचान के लिए हमशक्ल के कत्ल की साजिश रची: केक में जहर मिला दिया; अमेरिका में रूसी महिला को 21 साल की सजा दी गई…

वॉशिंगटन// अमेरिका में रह रही एक रूसी मूल की महिला ने अपनी हमशक्ल को मारने की कोशिश की। इसके लिए उसे अमेरिकी कोर्ट ने 21 साल की सजा सुनाई है। BBC की रिपोर्ट के मुताबिक, 47 साल की विक्टोरिया नासीरोवा ने न्यूयॉर्क में रह रही अपनी हमशक्ल ओल्गा स्विक के चीज केक में जहर मिला दिया था।
क्वींस डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी मेलिंडा काट्ज ने कहा- विक्टोरिया और ओल्गा दोनों ही रूसी मूल की हैं। दोनों का स्किन कॉम्प्लेक्शन, बालों का रंग, कद सब कुछ एक जैसा है। विक्टोरिया ने अपने फायदे के लिए ओल्गा की आईडेंटिटी चुराने की कोशिश की और उसे जहर दिया।

ये तस्वीर विक्टोरिया नासीरोवा की है। वो रूस की वॉन्टेड क्रिमिनल की लिस्ट में शामिल है।
मामला 2016 का है, जानिए पूरी कहानी…
ये पूरा मामला 2016 का है। तब ओल्गा, विक्टोरिया की ब्यूटिशियन थी। दोनों काफी अच्छी दोस्त थीं और अक्सर रूसी भाषा में बात करती थीं। 28 अगस्त 2016 को विक्टोरिया ने ओल्गा के चीज केक में जहर मिला दिया। इसे खाते ही वो बेहोश हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसकी हालत इतनी खराब हो गई कि उसे हार्ट अटैक आ सकता था। इसके बाद विक्टोरिया ने ओल्गा का पासपोर्ट, वर्क परमिट समेत अन्य अहम दस्तावेज चुरा लिए और फरार हो गई।
ओल्गा के एक दोस्त ने बताया कि अगले दिन जब वो उसके घर पहुंचा तो ओल्गा बेहोश पड़ी मिली। उसके कपड़े भी बदले हुए थे। इतना ही नहीं उसके आस-पास नशे की गोलियां बिखरी हुई थीं। यहां ऐसा दिखाने की कोशिश की गई थी जैसे कि ओल्गा ने आत्महत्या करने की कोशिश की हो। इसके बाद उसे अस्पलात ले जाया गया। लौटने पर ओल्गा ने बताया कि उसके घर से उसका US वर्क परमिट, यूक्रेनी पासपोर्ट, ज्वैलरी और कुछ कैश चोरी हुआ है।

विक्टोरिया ने ओल्गा के केक में रूसी जहर फेनाजेपम मिलाया था।
2015 में इंटरपोल ने रेड नोटिस जारी किया था
इस मामले में विक्टोरिया को फरवरी 2023 में हत्या करने की कोशिश के लिए दोषी ठहराया गया। वहीं, 2015 में इंटरपोल ने विक्टोरिया के खिलाफ रेड नोटिस जारी किया था। उसने 2014 में रूस में एक महिला का कत्ल किया था। महिला के घर चोरी भी की थी। इतना ही नहीं उस पर डेटिंग साइट के जरिए मिलने वाले पुरुषों को भी ड्रग्स देकर लूटने के आरोप लग चुके हैं।
जर्मन महिला ने अपनी हमशक्ल की हत्या की
ये पहला मामला नहीं जब किसी ने हमशक्ल को मारने की कोशिश की हो। इसके पहले जर्मनी में एक महिला ने अपनी हमशक्ल की हत्या कर दी थी। जर्मनी पुलिस ने इस केस को ‘द डोपलगैंगर मर्डर’ नाम दिया था। 16 अगस्त 2022 को 23 साल की एक महिला ने अपनी मौत का नाटक करने के लिए सोशल मीडिया पर अपनी हमशक्ल ढूंढी और उसकी हत्या कर दी थी।

इंस्टाग्राम पर ढूंढी अपने जैसे दिखने वाली कॉस्मेटिक ब्लॉगर
पुलिस ने बताया था कि म्युनिख में रहने वाले शाहराबान के. नाम की महिला ने इंस्टाग्राम पर फेक प्रोफाइल बनाया और अपने जैसी दिखने वाली कई महिलाओं से संपर्क करेन की कोशिश की। कई प्रोफाइल्स तलाशने के बाद उसे एक कॉस्मेटिक ब्लॉगर का प्रोफाइल मिला।
खदीदजा नाम की यह ब्लॉगर अलजीरियाई नागरिक थी और आरोपी महिला के घर से करीब 160 किमी दूर रहती थी। दोनों के लंबे काले बाल थे और रंग भी लगभग एक-जैसा था। शाहराबान और उसके बॉयफ्रेंड शकीर के. ने खदीदजा से संपर्क किया और उसे कुछ ब्यूटी प्रोडक्ट ऑफर किए। इसके बाद दोनों उसे लेने पहुंचे। पुलिस ने बताया था कि खदीदजा को लेकर म्यूनिख लौटते वक्त दोनों ने एक जंगल में कार रोकी और खदीदजा को 50 बार चाकू घोंप दिया।