177 यात्रियों को लेकर उड़ रहे प्लेन का दरवाजा उखड़ा:16 हजार फीट की ऊंचाई पर प्रेशर घटा, ऑक्सीजन मास्क खुले; पूरी फ्लीट की उड़ानें रद्द..

अमेरिका में अलास्का एयरलाइंस की बोइंग 737-9 मैक्स फ्लाइट के साथ शनिवार को बड़ा हादसा होते-होते रह गया। पोर्टलैंड से कैलिफोर्निया के ओंटारियो जा रहा प्लेन टेकऑफ के बाद जब 16.32 हजार फीट की ऊंचाई पर पहुंचा, तो विमान का दरवाजा टूटकर हवा में उड़ गया। यह प्लेन का इमरजेंसी एग्जिट डोर था।

फुटेज बोइंग 737 मैक्स प्लेन की है। टेकऑफ के बाद इसका दरवाजा हवा में उड़ गया, जिसके बाद इसकी इमरजेंसी लैंडिंग हुई।
दरवाजा उखड़ने से बगल की सीट पर बैठे बच्चे की शर्ट फट गई। वहीं कुछ पैसेंजर के फोन भी हवा में उड़ गए। हालांकि बच्चे की मां ने उसे प्लेन से बाहर गिरने से बचा लिया। इसके बाद विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। एयरलाइंस ने इस घटना के बाद बोइंग 737-9 के सभी विमानों की उड़ान पर रोक लगा दी है।

फुटेज बोइंग 737 मैक्स प्लेन का है, जिसका दरवाजा उड़ने के बाद विमान के अंदर प्रेशर घट गया और ऑक्सीजन मास्क खुल गए।
अलास्का एयरलाइंस ने अपने सोशल मीडिया पेज पर घटना की जानकारी दी है। जानकारी के मुताबिक विमान में 171 पैसेंजर और 6 क्रू मेंबर सवार थे। यह घटना शुक्रवार को स्थानीय समय के मुताबिक शाम को करीब 5 बजे हुई। नीचे दिए ग्राफिक से प्लेन के दरवाजे की लोकेशन समझ सकते हैं।
पायलट ने इमरजेंसी की घोषणा की
डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक, दरवाजे के अलग होते ही विमान के पायलट ने इमरजेंसी की घोषणा कर दी थी। ऑडियो रिकॉर्डिंग्स में पायलट एयर ट्रैफिक कंट्रोल से लैंडिंग की बात कहते सुनाई देता है।
पायलट ने कहा- अलास्का 1282 में इमरजेंसी है। हम पोर्टलैंड लौट रहे हैं। अब हम 12 हजार फीट की ऊंचाई पर आ गए हैं। हमें डायवर्ट होने की जरूरत है। प्लेन में इमरजेंसी है और यहां 177 लोग मौजूद हैं। हम तुरंत लैंडिंग करना चाहते हैं।

दरवाजा के बगल की सीट पर एक बच्चा बैठा था। उसकी शर्ट फट गई। विमान टेकऑफ के आधे घंटे के अंदर वापस पोर्टलैंड लैंड करवाया गया।
पैसेंजर बोले- आवाज इतनी तेज थी कि लगा कान फट जाएंगे
विमान में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं और पोर्टलैंड पहुंच चुके हैं। फिलहाल अमेरिका का नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड मामले की जांच कर रहा है। प्लेन में सवार 20 साल की एलिजाबेथ ने बताया- विमान में बैठने पर आमतौर पर जो आवाज सुनाई देती है, उससे 10 गुना ज्यादा तेज आवाज आ रही थी। ऐसा लग रहा था जैसे हमारे कान फट जाएंगे।
एक अन्य पैसेंजर कायली रिंकर ने कहा- प्लेन में सन्नाटा छाया हुआ था। डर की वजह से कोई भी कुछ नहीं कह रहा था। प्लेन में गड़बड़ी होते ही ऑक्सीजन मास्क बाहर आ गए थे। कई लोगों ने इसका इस्तेमाल भी किया।

विमान का दरवाजा जब उखड़ा तो काफी तेज आवाज हुई, जिसे सुनकर लोग घबरा गए। तस्वीर में डरे हुए एक शख्स को देखा जा सकता है।
कई बार क्रैश हो चुका है बोइंग 737 मैक्स विमान
बोइंग ने 2015 में 737 मैक्स विमान बनाया था। 2017 में फेडरल एविएशन अथॉरिटी (FAA) ने इसे मंजूरी दे दी। इसके बाद से यह दुनिया में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला एयरक्राफ्ट बन गया। 2018 में इंडोनेशियाई एयरलाइन के तहत उड़ान भरते वक्त पहली बार यह प्लेन क्रैश हुआ था। तब करीब 189 लोगों की मौत हुई थी।
इसके बाद मार्च 2019 में एक और बोइंग 737 मैक्स प्लेन क्रैश हुआ। इसमें 157 लोगों की मौत हो गई। इसके 3 दिन बाद FAA ने इस प्लेन की उड़ान पर रोक लगा दी। 2021 में बोइंग ने अमेरिकी न्याय विभाग के सामने 2.5 अरब डॉलर का जुर्माना भरा।

तस्वीर 2018 की है, जब बोइंग 737 मैक्स विमान इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता से टेकऑफ के बाद समुद्र में क्रैश हो गया था।
प्लेन के डिजाइन और मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े कई आरोपों के बाद कंपनी ने अरबों खर्च करके इसकी मरम्मत करवाई। इसके बाद 2020 से इस प्लेन को फिर से उड़ान भरने की इजाजत मिल गई।