सरगुुजा में जेल जाने से पहले आरोपी ने डाला वोट: पत्नी की हत्या का आरोप; पकड़े जाने पर जताई थी मतदान की इच्छा…

सरगुजा// सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या के आरोपी ने जेल जाने के पहले अपने मताधिकार का प्रयोग किया। आरोपी पुलिस गिरफ्त था लेकिन उसने मतदान करने की इच्छा जताई। एसपी के निर्देश पर पुलिस की मौजूदगी में उसने शुक्रवार को वोट डाला। शनिवार को न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी जेल भेज दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम अरगोती निवासी बनवासो बाई (50 वर्ष) ने बतौली थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि, उसका दामाद सोमार साय (35 वर्ष) और बेटी कांति 14 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे नहर में नहाने और कपड़ा धोने गए थे। इसी दौरान दोनों के बीच घरेलू मामले को लेकर विवाद हो गया।

बतौली पुलिस की हिरासत में आरोपी युवक।

बतौली पुलिस की हिरासत में आरोपी युवक।

सिर पर पत्थर से किए कई वार

विवाद इतना बढ़ा कि सोमार साय ने पत्थर से कांति के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। जिससे वो लहूलुहान होकर बेहोश हो गई। इलाज के लिए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली लाया गया, जहां इलाज के दौरान कांति की मौत हो गई।

वारदात के बाद भाग गया था आरोपी

बताया जा रहा है कि घटना के बाद पति सोमार साय भाग गया था। बतौली पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश में जुटी थी। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि 17 नवंबर को आरोपी वोट डालने जाने वाला है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पुलिस हिरासत में कराया गया मतदान

आरोपी सोमार साय ने पकड़े जाने के बाद मतदान करने की इच्छा जताई। प्रशिक्षु डीएसपी शुभम तिवारी ने एसपी सुनील शर्मा को मामले की जानकारी दी। एसपी के निर्देश पर बतौली पुलिस आरोपी को प्राथमिक शाला कदनई मैनपाट मतदान केंद्र लेकर पहुंची और मतदान कराया।

आरोपी को भेजा गया जेल

वोटिंग में देरी होने के चलते शुक्रवार को आरोपी को कोर्ट में पेश नहीं किया जा सका। इसलिए शनिवार को उसे अंबिकापुर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर उसे जेल भेज दिया गया है।