घर में मिली SECL कर्मचारी की लाश: कल से दिखा नहीं था, पड़ोसियों ने खिड़की से झांककर देखा तो बिस्तर पर पड़ा था शव

कोरबा// कोरबा जिले के आदर्श नगर में रहने वाले SECL कर्मचारी की लाश संदिग्ध हालत में उनके घर से मिली है। शख्स यहां अकेला ही रहता था। उसके पति-बच्चे सूरजपुर जिले के बांकीपुर में रहते हैं। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुट गई है। मामला कुसमुंडा थाना क्षेत्र का है।

बिस्तर पर पड़ा मिला SECL कर्मचारी का शव। ड्यूटी से आने के बाद से उसका पता नहीं चला था।
एम- 892 मकान में SECL कर्मचारी घूरन सिंह कंवर रहता था। काम पर से लौटने के बाद वो 5 अगस्त की शाम से ही दिखाई नहीं दिया था। किसी अनहोनी की आशंका पर रविवार सुबह पड़ोसियों ने खिड़की से झांककर देखा, तो वो बिस्तर पर सोया हुआ दिखाई दिया।
पड़ोसियों ने घूरन को बहुत आवाज लगाई, लेकिन न तो वो उठा और न तो किसी बात का जवाब दिया। इसके बाद लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खोला। अंदर जाकर देखने पर पता चला कि व्यक्ति की मौत हो चुकी है।
कुसमुंडा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार वर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में हार्ट अटैक से मौत होना लग रहा है। शव को फिलहाल पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजहों का पता चल सकेगा। मृतक की पत्नी और परिजनों को सूचना दे दी गई।

घटनास्थल पर जुटे आसपास के लोग। पुलिस ने पड़ोसियों का बयान भी दर्ज किया।
उधर, सूचना मिलने पर पत्नी, बच्चे और परिजन सूचना मिलने पर आदर्श नगर स्थित क्वार्टर में पहुंचे। पुलिस ने उनका बयान दर्ज किया है। परिजनों ने बताया कि घूरन सिंह 7-8 साल पहले कुसमुंडा में ट्रांसफर होकर आए थे। वे एसईसीएल में डंपर ऑपरेटर के पद पर पदस्थ थे।
कुछ समय पहले उनकी पोस्टिंग डीजल सेक्शन में हुई थी। उनकी मौत पर कुसमुंडा प्रबंधन ने शोक व्यक्त किया है। पत्नी ने बताया कि वो सूरजपुर के बांकीपुर गांव में खेती का काम देखती है। पुलिस ने कहा कि मौत कब, कैसे और किन परिस्थितियों में हुई है, इसका पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही चल पाएगा।